सम्राट चौधरी ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को सबसे लंबे समय तक सरकार प्रमुख रहने पर दी बधाई

WhatsApp Channel Join Now
सम्राट चौधरी ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को सबसे लंबे समय तक सरकार प्रमुख रहने पर दी बधाई


पटना, 22 मार्च (हि.स.)। बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को भारत में सबसे लंबे समय तक सरकार के प्रमुख रहने वाले नेता बनने पर बधाई दी है। उन्होंने इसे एक ऐतिहासिक और अभूतपूर्व उपलब्धि बताया।

सम्राट चौधरी ने रविवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का यह लंबा कार्यकाल उनके अनुभव, नेतृत्व क्षमता और जनता के अटूट विश्वास को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारत लगातार विकास के नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है और वर्ष 2047 तक विकसित राष्ट्र बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।

उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कुल 8,931 दिनों तक सरकार के प्रमुख के रूप में कार्य करते हुए नया रिकॉर्ड बनाया है। इस दौरान उन्होंने पवन कुमार चामलिंग के 8,930 दिनों के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया। यह उपलब्धि उन्होंने पहले गुजरात के मुख्यमंत्री और फिर देश के प्रधानमंत्री के रूप में हासिल की है।

सम्राट चौधरी ने कहा कि यह उपलब्धि प्रधानमंत्री के प्रति जनता के विश्वास, स्नेह और उनके निरंतर सेवा भाव का परिणाम है। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि नरेन्द्र मोदी देश के ऐसे पहले प्रधानमंत्री हैं, जिन्होंने लगातार तीन 2014, 2019 और 2024 में लोकसभा चुनाव में जीत दर्ज की है।

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत विश्व मंच पर अपनी मजबूत पहचान बना रहा है और भविष्य में महाशक्ति बनने की दिशा में अग्रसर है। उन्होंने देश की जनता को भी इसके लिए धन्यवाद देते हुए प्रधानमंत्री को बधाई दी।

इसके साथ ही सम्राट चौधरी ने बिहार दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री द्वारा बिहारवासियों के लिए दिए गए संदेश और शुभकामनाओं के लिए आभार जताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन और नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार विकास की राह पर आगे बढ़ रहा है।

उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार के बेहतर समन्वय से बिहार लगातार नई ऊंचाइयों को छू रहा है और आने वाले समय में देश के अग्रणी राज्यों में अपनी मजबूत पहचान बनाएगा।---------------

हिन्दुस्थान समाचार / चंदा कुमारी

Share this story