पटना सहित चार जिलों में जल संसाधन विभाग की योजनाओं का शुभारंभ, सिंचाई और आधारभूत संरचना को मिलेगा बढ़ावा

WhatsApp Channel Join Now
पटना सहित चार जिलों में जल संसाधन विभाग की योजनाओं का शुभारंभ, सिंचाई और आधारभूत संरचना को मिलेगा बढ़ावा


पटना, 23 मई (हि.स.)। बिहार में सिंचाई व्यवस्था को सुदृढ़ करने और आधारभूत संरचना को मजबूती देने के उद्देश्य से जल संसाधन विभाग की ओर से संचालित पटना, अरवल, जहानाबाद एवं गयाजी जिलों की चार महत्वपूर्ण योजनाओं का शुभारंभ शनिवार को उप मुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी द्वारा किया गया।

कार्यक्रम के तहत पटना जिले के पालीगंज प्रखंड अंतर्गत कल्याणपुर ग्राम में स्वचालित सौर ऊर्जा आधारित उच्च-दक्षता सिंचाई प्रणाली की शुरुआत की गई। इस योजना के तहत डोरवां वितरणी में उपलब्ध सतही जल को सौर ऊर्जा चालित प्रेशराइज्ड पाइप के माध्यम से किसानों के खेतों तक पहुंचाया जाएगा।

इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी ने कहा कि यह अपनी तरह की एक अनोखी और पायलट परियोजना है, जिसके माध्यम से किसानों को आवश्यकता के अनुसार समय पर सिंचाई जल उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि योजना के सफल क्रियान्वयन के बाद इसे राज्य के अन्य क्षेत्रों में भी लागू किया जाएगा।

उप मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि यह परियोजना कृषि उत्पादन बढ़ाने और किसानों की आय में सुधार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के कार्यकाल में इन योजनाओं की रूपरेखा तैयार की गई थी, जिसे वर्तमान सरकार के कार्यकाल में आगे बढ़ाया जा रहा है।

इसी क्रम में जहानाबाद जिले के सिंचाई प्रमंडल की महत्वाकांक्षी योजनाओं के पुनर्स्थापन एवं रखरखाव कार्य का भी शुभारंभ रिमोट के माध्यम से किया गया। इस योजना से लगभग 360 हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई सुविधा उपलब्ध होगी, जिससे मखदुमपुर प्रखंड के पुनहदा, पंडितपुर, श्रवणबिगहा, सिकन्दरपुर, गुलाबगंज, पाण्डेयचक, ब्रह्मस्थल सहित कई गांवों के किसानों को सीधा लाभ मिलेगा।

इसके अलावा अरवल जिले के अरवल प्रखंड में पटना मुख्य नहर के बायें बांध-सह-सोन सुरक्षा तटबंध पर बैदराबाद से कोरियम मोड़ तक कालीकृत सड़क निर्माण योजना का भी शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार आधारभूत संरचना विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। इस सड़क के निर्माण से आवागमन सुगम होगा, व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा और क्षेत्र के सामाजिक एवं आर्थिक विकास को गति मिलेगी।

वहीं गयाजी जिले के टेकारी प्रखंड अंतर्गत पंचमहला ग्राम स्थित उत्तर मोरहर नदी पर पक्का बांध निर्माण कार्य का भी शुभारंभ किया गया। उप मुख्यमंत्री ने इस मौके पर कहा कि यह योजना लंबे समय से स्थानीय किसानों की मांग थी, जिसे अब पूरा किया गया है। इससे टेकारी प्रखंड के लगभग 10 गांवों के किसानों को सिंचाई सुविधा मिलेगी और कृषि व्यवस्था मजबूत होगी।

इस अवसर पर मखदुमपुर के विधायक सुबेदार दास, पूर्व सांसद जहानाबाद चंद्रेश्वर प्रसाद चंद्रवंशी, डॉ. अरुण कुमार, अरवल विधायक मनोज शर्मा, टेकारी के पूर्व विधायक डॉ. अनिल कुमार सहित जल संसाधन विभाग और जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी तथा स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।----------

हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद चौधरी

Share this story