डाॅ. लोहिया के सपनों को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने नीतियों के माध्यम से किया साकार : निशांत कुमार

WhatsApp Channel Join Now
डाॅ. लोहिया के सपनों को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने नीतियों के माध्यम से किया साकार : निशांत कुमार


-जदयू प्रदेश कार्यालय में मनाई गई डॉ. राम मनोहर लोहिया जयंती

पटना, 23 मार्च (हि.स.)। पटना में जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के प्रदेश कार्यालय में प्रखर समाजवादी चिंतक और स्वतंत्रता सेनानी डॉ. राम मनोहर लोहिया की जयंती मनाई गई। इस अवसर पर पार्टी नेता निशांत कुमार ने डॉ. लोहिया के तैलचित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।

कार्यक्रम के दौरान मीडिया से बातचीत में निशांत कुमार ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार डॉ. लोहिया के विचारों और आदर्शों से गहराई से प्रभावित रहे हैं। उन्होंने कहा कि 2005 में सत्ता संभालने के बाद नीतीश कुमार ने अपनी नीतियों और कार्यक्रमों के माध्यम से लोहिया के समाजवादी विचारों को जमीन पर उतारने का प्रयास किया है।

निशांत कुमार ने बताया कि डॉ. लोहिया की ‘सप्त क्रांति’ में महिला समानता का विचार महत्वपूर्ण है। इसी दिशा में राज्य सरकार ने महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए सरकारी नौकरियों में 35 प्रतिशत और पंचायती राज संस्थाओं में 50 प्रतिशत आरक्षण लागू कर ऐतिहासिक कदम उठाया है।

उन्होंने यह भी कहा कि 2005 से पहले बिहार जातीय हिंसा और अस्थिरता से जूझ रहा था, लेकिन उसके बाद राज्य ने “न्याय के साथ विकास” की नीति अपनाकर सुशासन और विकास की नई दिशा तय की है।

कार्यक्रम में जदयू प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा, उपनेता ललन कुमार सर्राफ, मुख्य सचेतक संजय कुमार सिंह उर्फ गांधी जी, राष्ट्रीय प्रवक्ता राजीव रंजन प्रसाद सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।--------------

हिन्दुस्थान समाचार / चंदा कुमारी

Share this story