उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने राज्यसभा सदस्य के रूप में शपथ लेने पर नीतीश कुमार को दी बधाई

WhatsApp Channel Join Now
उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने राज्यसभा सदस्य के रूप में शपथ लेने पर नीतीश कुमार को दी बधाई


पटना, 10 अप्रैल (हि.स.)। बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने राज्यसभा सदस्य के रूप में शपथ लेने पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बिहार में सुशासन, विकास और सामाजिक न्याय की दिशा में ऐतिहासिक कार्य किए हैं।

बिहार में सुदृढ़ आधारभूत संरचना, बेहतर शिक्षा एवं स्वास्थ्य व्यवस्था, महिलाओं के सशक्तिकरण की प्रभावी पहल और मजबूत कानून-व्यवस्था ने राज्य को नई पहचान दी है। 2005 से पहले अदालत ने भी जिस बिहार को जंगलराज का उपमा दिया था, वहां नीतीश कुमार जी ने सुशासन स्थापित करने का काम किया।

सम्राट चौधरी ने कहा कि न्याय के साथ विकास के मंत्र के साथ बिहार ने प्रगति और समावेशी विकास का नया अध्याय लिखा है। उन्होंने कहा कि आधी आबादी को सम्मान देने के लिए पंचायत और निकाय चुनाव में महिलाओं को 50 प्रतिशत आरक्षण दिया गया, जो पूरे देश के लिए अनुकरणीय उदाहरण बना।

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि श्री नीतीश कुमार का करीब चार दशकों का संसदीय अनुभव रहा है। इस दौरान वे लोकसभा और बिहार विधानमंडल के दोनों सदनों के सदस्य रहे हैं। साथ ही, अटल बिहारी वाजपेयी की सरकार में उन्होंने रेल मंत्री और कृषि मंत्री के रूप में भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाईं और एतिहासिक निर्णय के भागीदार बने।

सम्राट चौधरी ने कहा कि राज्यसभा सदस्य के रूप में शपथ लेने के साथ ही श्री नीतीश कुमार उन गिने-चुने नेताओं में शामिल हो गए हैं, जो चारों सदनों के सदस्य रहे हैं। विश्वास जताया कि राज्यसभा में उनका अनुभव, दूरदर्शिता और जनहित के प्रति समर्पण देश की नीतियों को नई दिशा देगा और राष्ट्र निर्माण में उनकी भूमिका और अधिक प्रभावी होगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / चंदा कुमारी

Share this story