ईंट-भट्ठा उद्योग की समस्याओं के समाधान के लिए केंद्र को पत्र

WhatsApp Channel Join Now
ईंट-भट्ठा उद्योग की समस्याओं के समाधान के लिए केंद्र को पत्र


दरभंगा, 24 अक्टूबर (हि.स.)।

ईंट-भट्ठा उद्योग की समस्याओं के समाधान और संचालकों को राहत दिलाने के लिए सांसद डॉ गोपाल जी ठाकुर ने केंद्र सरकार के विभिन्न मंत्रालयों को पत्र लिखा है। शनिवार को लहेरियासराय स्थित संसदीय कार्यालय में ईंट-भट्ठा संचालकों के साथ बैठक के दौरान उन्होंने यह जानकारी दी।

सांसद ने बताया कि संचालक संघ की मांग पर ब्रिक्स क्लस्टर का दायरा बढ़ाने, दरभंगा में कॉमन फैसिलिटी सेंटर स्थापित करने, जीएसटी में राहत और सस्ता ऋण उपलब्ध कराने के लिए संबंधित मंत्रालयों से पहल का आग्रह किया गया है। इसके अलावा पर्यावरणीय स्वीकृति, मिट्टी खनन और नियामकीय प्रक्रियाओं में व्यावहारिक राहत देने की मांग भी की गई है।

उन्होंने कहा कि बाढ़, जलजमाव, मौसमी बेरोजगारी, बढ़ती उत्पादन लागत और वित्तीय कठिनाइयों के कारण ईंट-भट्ठा उद्योग कई चुनौतियों का सामना कर रहा है। यह उद्योग ग्रामीण अर्थव्यवस्था, स्थानीय रोजगार और निर्माण कार्यों का महत्वपूर्ण आधार है। समस्याओं का समाधान होने से रोजगार और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।

बैठक में जिला ईंट-भट्ठा संचालक संघ के अध्यक्ष जयराम दास, उपाध्यक्ष रजनीश रंजन, सचिव प्रो. एमए निशांत, एजाज हसन, संजय यादव, अशोक ठाकुर सहित दो दर्जन से अधिक संचालक उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Krishna Mohan Mishra

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

766233 Articles

Share this story