पेट्रोल-डीजल व बिजली दरों में संभावित बढ़ोतरी के खिलाफ चरणबद्ध विरोध करेगी कांग्रेस

WhatsApp Channel Join Now

पटना, 28 मार्च (हि.स.)। बिहार प्रदेश कांग्रेस कमिटी के अध्यक्ष राजेश राम के निर्देश पर एलपीजी की भारी किल्लत, पेट्रोल-डीजल एवं बिजली की दरों में संभावित बढ़ोतरी के खिलाफ राज्य में चरणबद्ध विरोध कांग्रेस पार्टी करेगी।

प्रदेश कांग्रेस मीडिया विभाग के चेयरमैन राजेश राठौड़ ने बताया कि आम जनता महंगाई और आवश्यक वस्तुओं की किल्लत से त्रस्त है। रसोई गैस की उपलब्धता में भारी कमी और पेट्रोल-डीजल व बिजली की कीमतों में संभावित बढ़ोतरी ने आम लोगों की कमर तोड़ दी है, लेकिन केंद्र सरकार इस गंभीर समस्या पर कोई ठोस कदम नहीं उठा रही है।

इसी को लेकर प्रदेश कांग्रेस ने निर्णय लिया है कि 31 मार्च को वरिष्ठ नेताओं के द्वारा जिला और प्रदेश मुख्यालय पर प्रेस कांफ्रेंस आयोजित किया जाएगा जिसके बाद 2 अप्रैल 2026 को राज्य के सभी प्रखंड मुख्यालयों पर कांग्रेसजनों द्वारा व्यापक विरोध प्रदर्शन किया जाएगा तथा प्रधानमंत्री का पुतला दहन किया जाएगा। इसके बाद 3 अप्रैल को राज्य मुख्यालय पर व्यापक प्रदर्शन प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश राम के नेतृत्व में आयोजित होगी।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश राम ने सभी जिला प्रभारियों, जिला अध्यक्षों, कार्यकारी अध्यक्षों तथा प्रदेश पदाधिकारियों से आग्रह किया है कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में इस कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए कांग्रेस कार्यकर्ताओं को संगठित कर बड़ी संख्या में भागीदारी सुनिश्चित करें।

राजेश राम ने कहा कि जब तक आम जनता को एलपीजी, महंगाई और आवश्यक वस्तुओं की किल्लत से राहत नहीं मिलती, तब तक कांग्रेस पार्टी जनता की आवाज बनकर संघर्ष करती रहेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुरभित दत्त

Share this story