बिहार की दुर्गति पर पश्चाताप करने निकलें हैं नीतीश कुमार: डॉ. स्नेहाशीष वर्धन

WhatsApp Channel Join Now

पटना, 26 मार्च (हि.स.)। शाहाबाद के जिलों में बक्सर और भोजपुर पहुंचे बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की समृद्धि यात्रा को दुर्गति यात्रा बताते हुए बिहार कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता डॉ स्नेहाशीष वर्धन ने कहा कि बिहार के पिछड़ेपन, बेरोजगारी, भ्रष्ट अफसरशाही और गिरते कानून व्यवस्था के जिम्मेदार एनडीए सरकार के मुखिया नीतीश कुमार पश्चाताप करने निकले हैं।

डॉ स्नेहाशीष वर्धन ने कहा कि राज्य में बेरोजगारी, स्वास्थ्य व्यवस्था और शिक्षा के साथ व्यावसायिक कार्य शिथिल पड़े हैं और ऐसे में इस यात्रा का नामकरण समृद्धि यात्रा कर राज्य में अफसरों द्वारा मुख्यमंत्री के रूप में अपनी अंतिम राजनीतिक यात्रा पर राज्य में निकले नीतीश कुमार को सब्जबाग दिखाया जा रहा है। जबकि सरकारी कार्यालयों में भ्रष्टाचार और कमीशनखोरी अपने चरम पर है। सरकारी योजनाओं में बंदरबांट है और आम जनता रोजाना महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार में पीसने को विवश है। ऐसे में नीतीश कुमार को बिहार के विकास में अवरोधक बने रहने और भाजपा के साथ मिलकर सांप्रदायिक राजनीति करने के लिए खुद राज्य की जनता से पश्चाताप करने को उनके बीच जा रहे हैं।

सूबे में भाजपा ने जब से उन्हें पद से जबरन हटाया है तब से वें खुद को जनता से जुड़ने की कवायद में लगे हैं और उसी के लिए वें इस यात्रा के माध्यम से अपनी पार्टी और जनाधार बचाने का अंतिम प्रयास कर रहे हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुरभित दत्त

Share this story