बिहार कांग्रेस की संगठन सृजन अभियान समीक्षा बैठक सम्पन्न, प्रखंड अध्यक्षों की सूची जल्द पूरी करने का लक्ष्य

WhatsApp Channel Join Now
बिहार कांग्रेस की संगठन सृजन अभियान समीक्षा बैठक सम्पन्न, प्रखंड अध्यक्षों की सूची जल्द पूरी करने का लक्ष्य


पटना, 17 जून (हि.स.)। प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय सदाकत आश्रम में बुधवार को बिहार कांग्रेस के जिला पर्यवेक्षकों और पूर्व प्रत्याशियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रदेश कांग्रेस प्रभारी कृष्णा अल्लावारु और प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम ने की।

बैठक में विभिन्न जोन से प्राप्त अद्यतन रिपोर्टों की समीक्षा की गई तथा संगठनात्मक स्थिति का विश्लेषण किया गया।

प्रदेश कांग्रेस प्रभारी कृष्णा अल्लावारु ने कहा कि संगठन सृजन अभियान के तहत नए सांगठनिक पदों के निर्धारण की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। उन्होंने बताया कि 60 प्रतिशत प्रखंड अध्यक्षों की सूची तैयार कर ली गई है तथा आगामी दस दिनों में शेष प्रखंड अध्यक्षों की सूची भी जारी कर दी जाएगी। इसके बाद जिला और प्रदेश स्तर पर पदाधिकारियों की घोषणा की जाएगी।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश राम ने पर्यवेक्षकों के कार्यों की समीक्षा करते हुए अगले दस दिनों का लक्ष्य निर्धारित किया और कहा कि संगठन सृजन अभियान के तहत ही सभी सांगठनिक नियुक्तियां की जाएंगी। उन्होंने कहा कि यह अभियान संगठन को मजबूत और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से राष्ट्रीय मानकों के अनुरूप चलाया जा रहा है।

विधान परिषद में कांग्रेस दल के नेता एवं पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. मदन मोहन झा ने बैठक में संगठन को मजबूत करने के लिए पर्यवेक्षकों को सुझाव दिए और अभियान में तेजी लाने की बात कही।

वहीं बिहार कांग्रेस के सह प्रभारी शाहनवाज आलम और सुशील कुमार पासी ने पर्यवेक्षकों को शुभकामनाएं देते हुए संगठनात्मक लक्ष्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने का आह्वान किया।

बैठक में डॉ. शकील अहमद खान, कृपानाथ पाठक, कपिलदेव प्रसाद यादव, श्याम सुंदर सिंह धीरज, वीणा शाही, विजेंद्र चौधरी, कनेक्ट सेंटर के मिन्नत रहमानी, पंकज यादव, राजीव मेहता, इंजीनियर कमल कमलेश, प्रेमचंद सिंह, विमलेश तिवारी सहित सभी जिला पर्यवेक्षक, विधानसभा प्रत्याशी और पूर्व विधायक उपस्थित रहे।---------

हिन्दुस्थान समाचार / सुरभित दत्त

Share this story