मुख्यमंत्री ने प्रशिक्षु आईपीएस अधिकारियों को दिए सुशासन एवं जनसेवा के मंत्र

WhatsApp Channel Join Now
मुख्यमंत्री ने प्रशिक्षु आईपीएस अधिकारियों को दिए सुशासन एवं जनसेवा के मंत्र


पटना, 24 नवंबर (हि.स.)। बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मंगलवार को लोक सेवक आवास स्थित 'संकल्प' सभागार में 2025 बैच के प्रशिक्षु भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) अधिकारियों के साथ बैठक की। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को बिहार में बेहतर कानून-व्यवस्था बनाए रखने, अपराध नियंत्रण और जनसेवा को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

बैठक में प्रशिक्षु आईपीएस अधिकारी आशीष कुमार, कोशिंदर, मो. ताबिश हसन, नवनीत आनंद, सहर्स कुमार, शुभम, सिदक सिंह, विजय राघव गोयल, विनय कुमार एवं विश्व वर्द्धन शामिल हुए।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से बिहार की परिस्थितियों और आवश्यकताओं के अनुरूप स्वयं को तैयार करने तथा पूरी निष्ठा, संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का आह्वान किया। उन्होंने अधिकारियों को आम जनता के साथ सीधा संपर्क बनाए रखने, उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुनने और त्वरित समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

उन्होंने कहा कि जिले में शांति, कानून-व्यवस्था बनाए रखना और अपराध नियंत्रण पुलिस प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। इसके लिए सभी संबंधित पदाधिकारियों और प्रशासनिक इकाइयों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर काम करना जरूरी है। मुख्यमंत्री ने पुलिसिंग में आधुनिक तकनीक के अधिकाधिक इस्तेमाल पर जोर देते हुए कहा कि इससे पुलिस की कार्यप्रणाली को अधिक प्रभावी, पारदर्शी और जनोन्मुखी बनाया जा सकता है।

मुख्यमंत्री ने युवा अधिकारियों से प्रशासनिक व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए नए और रचनात्मक सुझाव देने को भी कहा। उन्होंने सभी प्रशिक्षु आईपीएस अधिकारियों को उनके आगामी जिला प्रशिक्षण एवं दायित्वों के लिए शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि हम सबको मिलकर बिहार को और बेहतर बनाना है।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद चौधरी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

782652 Articles

Share this story