पूर्णिया हवाई अड्डे के स्थायी सिविल एन्क्लेव के निर्माण हेतु ईपीसी निविदा जारी, मुख्यमंत्री ने जताया आभार

WhatsApp Channel Join Now
पूर्णिया हवाई अड्डे के स्थायी सिविल एन्क्लेव के निर्माण हेतु ईपीसी निविदा जारी, मुख्यमंत्री ने जताया आभार


पटना, 22 जुलाई (हि.स.)। भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (एएआई) ने लगभग 294.05 करोड़ रूपये की लागत से पूर्णिया हवाई अड्डे के स्थायी सिविल एन्क्लेव के निर्माण हेतु ईपीसी निविदा जारी कर दी है। इसकी जानकारी साेशल मीडिया पर जारी करते हुए मुख्यमंत्री सम्राट चाैधरी ने इसके लिए केन्द्र की माेदी सरकार काे धन्यवाद दिया है।

बुधवार काे एक्स पर मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार जताया और धन्यवाद दिया। उन्होंने लिखा कि पिछले वर्ष 15 सितंबर 2025 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पूर्णिया हवाई अड्डे के अंतरिम सिविल एन्क्लेव का उद्घाटन कर सीमांचल सहित उत्तर-पूर्वी बिहार के लाखों लोगों को हवाई संपर्क की ऐतिहासिक सौगात दी थी। आज पूर्णिया से प्रतिदिन 10 उड़ानों का सफल संचालन इस परियोजना की सफलता और क्षेत्र में बढ़ती हवाई यात्रा की मांग का प्रमाण है।

अब भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (एएआई) ने लगभग 294.05 करोड़ रुपये की लागत से पूर्णिया हवाई अड्डे के स्थायी सिविल एन्क्लेव के निर्माण हेतु ईपीसी निविदा जारी कर दी है। इस परियोजना के अंतर्गत अत्याधुनिक टर्मिनल भवन, विमानपत्तन अवसंरचना एवं बाह्य विकास कार्यों का निर्माण किया जाएगा।

स्थायी सिविल एन्क्लेव के निर्माण से सीमांचल में पर्यटन, व्यापार, निवेश और रोजगार को नई गति मिलेगी तथा क्षेत्रीय हवाई संपर्क और भी सशक्त होगा। बिहार सरकार एवं भारत सरकार के समन्वित प्रयासों से विकसित बिहार के संकल्प को नई ऊर्जा मिल रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / चंदा कुमारी

Share this story