मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने काम में लापरवाही बरतने वाले 15 अधिकारियों को किया निलंबित

WhatsApp Channel Join Now
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने काम में लापरवाही बरतने वाले 15 अधिकारियों को किया निलंबित


-राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के नौ अधिकारियों पर गिरी गाज, पीएचईडी के चार अधिकारी भी निलंबित

पटना, 10 नवंबर (हि.स.)। बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने प्रशासनिक लापरवाही के मामले में सख्त कार्रवाई करते हुए 15 अधिकारियों को निलंबित कर दिया है। मंगलवार को की गई इस कार्रवाई में सबसे अधिक नौ अधिकारी राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के हैं। इसके अलावा लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग (पीएचईडी) के चार, ग्रामीण विकास विभाग के एक और नगर विकास एवं आवास विभाग के एक अधिकारी पर कार्रवाई की गई है।

राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के जिन अधिकारियों को निलंबित किया गया है, उनमें भागलपुर जिले के नवगछिया के अंचल अधिकारी संतोष कुमार सुमन, अररिया जिले के फारबिसगंज के अंचल अधिकारी पंकज कुमार, गयाजी जिले के बोधगया के अंचल अधिकारी रमेश कुमार, जहानाबाद जिले के मखदुमपुर के अंचल अधिकारी रंजीत कुमार उपाध्याय, सुपौल जिले के त्रिवेणीगंज की अंचल अधिकारी प्रियंका सिंह, मुंगेर जिले के हवेली खड़गपुर के अंचल अधिकारी जयप्रकाश, टेटिया बंबर की अंचल अधिकारी अर्चना कुमारी, कटिहार जिले के कोढ़ा के अंचल अधिकारी संजीव कुमार और गोपालगंज के राजस्व कर्मचारी शुभम कुमार शामिल हैं।

ग्रामीण विकास विभाग के तहत भोजपुर जिले के आरा सदर के प्रखंड विकास पदाधिकारी रवि रंजन को निलंबित किया गया है। वहीं, नगर विकास एवं आवास विभाग के अंतर्गत सुपौल जिले के निर्मली एवं सिमराही की कार्यपालक पदाधिकारी वीणा वैशाली पर कार्रवाई की गई है।

लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग के चार अधिकारियों में शेखपुरा प्रमंडल के सहायक अभियंता रोहित कुमार दुबे, मुजफ्फरपुर के कनीय अभियंता भोला नाथ, पश्चिम चंपारण के मझौलिया प्रमंडल के कनीय अभियंता श्याम बाबू राय और सीतामढ़ी के सुरसंड प्रमंडल के कनीय अभियंता पवन कुमार शामिल हैं।

मुख्यमंत्री की इस कार्रवाई को प्रशासनिक कामकाज में लापरवाही के प्रति सरकार की सख्ती के तौर पर देखा जा रहा है।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद चौधरी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

774813 Articles

Share this story