समृद्धि यात्रा: मुख्यमंत्री ने भोजपुर में 466 करोड़ की विकास योजनाओं का किया उद्घाटन-शिलान्यास
पटना, 25 मार्च (हि.स.)। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बुधवार को समृद्धि यात्रा के तहत भोजपुर जिले को 466 करोड़ रुपये की विकास योजनाओं की सौगात दी। इस दौरान 197 करोड़ रुपये की लागत से बनी 494 योजनाओं का उद्घाटन तथा 269 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली 227 योजनाओं का शिलान्यास किया गया।
मुख्यमंत्री ने भोजपुर स्थित राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल परिसर में 100 शैय्या वाले क्रिटिकल केयर ब्लॉक (सीसीबी) के निर्माण कार्य (लागत 44.50 करोड़ रुपये) का शिलान्यास किया। इसके साथ ही उन्होंने मेडिकल कॉलेज के शैक्षणिक भवन, अस्पताल भवन और चिकित्सक एवं कर्मचारी आवास निर्माण कार्यों का निरीक्षण कर अधिकारियों को कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का भी जायजा लिया। उन्होंने जीविका समूह से जुड़ी महिलाओं की गतिविधियों और उत्पादों की जानकारी ली तथा 29,112 स्वयं सहायता समूहों की जीविका दीदियों को 236 करोड़ रुपये का सांकेतिक चेक प्रदान किया। इस मौके पर लाभुक महिलाओं ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सरकारी योजनाओं से उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है।
मुख्यमंत्री ने महिलाओं को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि वे निरंतर आगे बढ़ें, सरकार हरसंभव सहयोग करती रहेगी। इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री उद्यमी योजना के तहत 78 लाभुकों को 3 करोड़ 90 लाख रुपये का सांकेतिक चेक भी वितरित किया। साथ ही मुख्यमंत्री तालाब मत्स्यिकी विकास योजना, अंतर्जातीय विवाह योजना और मुख्यमंत्री कन्या उत्थान योजना के लाभार्थियों को भी सहायता प्रदान की गई।
इसके बाद मुख्यमंत्री आरा स्थित कृषि उत्पादन बाजार समिति पहुंचे, जहां उन्होंने 57.85 करोड़ रुपये की लागत से किए गए जीर्णोद्धार एवं निर्माण कार्य का उद्घाटन किया। उन्होंने परिसर का निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं तथा कृषि उत्पादों की गुणवत्ता की जानकारी ली।
मुख्यमंत्री ने इसी परिसर में जीविका मार्ट सह प्रशिक्षण केंद्र भवन (लागत 29.99 लाख रुपये) का उद्घाटन किया और वहां की कार्यप्रणाली का जायजा लिया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि इससे जीविका दीदियों को स्वरोजगार के बेहतर अवसर मिलेंगे और उनके उत्पादों को उचित बाजार एवं मूल्य प्राप्त होगा।
इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने स्वादिका कैफे (लागत 20.75 लाख रुपये) का भी उद्घाटन किया और वहां उपलब्ध सुविधाओं का निरीक्षण किया। इस अवसर पर कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।
----------------
हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद चौधरी

