बिहार को अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक पहुंच बनाकर निर्यात का प्रमुख केंद्र बनाना है : मुख्यमंत्री

WhatsApp Channel Join Now
बिहार को अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक पहुंच बनाकर निर्यात का प्रमुख केंद्र बनाना है : मुख्यमंत्री


पटना, 19 नवंबर (हि.स.)।

उद्योग विभाग द्वारा आयोजित राज्य स्तरीय कार्यशाला 'लेवरेजिंग एफटीएज आउटरीच प्रोग्राम' का उद्घाटन गुरुवार को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने किया। इस मौके पर उन्हाेंने कहा कि बिहार को अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक पहुंच बनाकर निर्यात का प्रमुख केंद्र बनाना है।

एक हाेटल में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार में अब तक बिजली, सड़क, आधारभूत संरचना एवं अन्य बुनियादी जरूरतों को पूरा करने की दिशा में लगातार काम किया गया है। अब बिहार को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय बाजार से जोड़कर उद्योग, व्यापार और निर्यात को नई ऊंचाई प्रदान करना हमारा लक्ष्य है। उन्हाेंने कहा कि बिहार की दो प्रमुख चुनौतियां आबादी और पानी रही हैं। हमें इन दोनों को आनेवाले 10 वर्षों में अपनी ताकत बनाना है। इसके लिए आबादी को व्यवस्थित रूप से संगठित करने तथा जल संसाधनों का बेहतर प्रबंधन सुनिश्चित करने की आवश्यकता है। बिहार में सड़क एवं आधारभूत संरचना के क्षेत्र में तेजी से काम हुआ है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि रक्सौल से हल्दिया तक ग्रीनफील्ड सड़क के निर्माण से बिहार के सात-आठ जिले जुड़ेंगे। सोनपुर और भागलपुर के आसपास दो बड़े एयरपोर्ट विकसित करने की योजना है, ताकि बिहार का संपर्क अंतरराष्ट्रीय बाजार से बेहतर हो सके। इसके अतिरिक्त वाल्मीकि नगर, बेगूसराय, रक्सौल, मुजफ्फरपुर, सहरसा, गोपालगंज, फारबिसगंज एवं किशनगंज जिलों सहित विभिन्न स्थानों पर हवाई अड्डों के विकास की दिशा में कार्य किया जा रहा है। इन एयरपोर्ट को अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के अनुरूप रन-वे एवं अन्य सुविधाओं से सुसज्जित करने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। उन्होंने उद्योग जगत से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए सभी जिलाधिकारियों एवं पुलिस अधीक्षकों को निर्देश दिया कि वे प्रत्येक महीने उद्योग जगत के प्रतिनिधियों के साथ बैठक करें और उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करें।

उन्हाेंने कहा कि बिहार का मखाना आज सुपरफूड के रूप में देश-दुनिया में लोकप्रिय हो रहा है। बिहार से 40 टन मखाना ऑस्ट्रेलिया भेजा गया है। देश के कुल मखाना उत्पादन में बिहार की हिस्सेदारी लगभग 80 प्रतिशत है। मखाना के साथ-साथ लीची और मक्का के उत्पादन में भी बिहार अग्रणी है। मक्का का उपयोग एथेनॉल उत्पादन में भी किया जा रहा है। राज्य के इन विशिष्ट उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय बाजार में स्थापित करने के लिए बेहतर ब्रांडिंग, गुणवत्ता, पैकेजिंग एवं निर्यात व्यवस्था विकसित करनी होगी।

उन्होंने कहा कि बिहार की आबादी देश की कुल आबादी का लगभग 10 प्रतिशत है और राज्य लगभग 10 प्रतिशत राजस्व का योगदान करता है। ऐसे में राष्ट्रीय व्यापार एवं बाजार में भी बिहार की हिस्सेदारी बढ़ाने का लक्ष्य लेकर काम करना होगा। आयात-निर्यात को बढ़ावा देना, नए बाजारों की पहचान करना तथा मुक्त व्यापार समझौतों (एफटीए) का लाभ उठाना आवश्यक है। 31 देशों में मौजूद बिहार चैप्टर के सहयोग से ऐसे देशों के बाजारों तक पहुंच बनाने का प्रयास किया जाना चाहिए, जहां भारतीय उत्पादों को बेहतर अवसर एवं कम शुल्क का लाभ मिल सके।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार की अर्थव्यवस्था को मजबूत करने और नौजवानों के लिए रोजगार के अधिक अवसर सृजित करने का सबसे प्रभावी रास्ता उद्योगों का विकास है। उन्होंने बताया कि बिहार में ड्राई पोर्ट की संख्या बढ़ाने के लिए केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री श्री पीयूष गोयल तथा रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से आग्रह किया गया है। राज्य में 12 सैटेलाईट टाउनशिप विकसित किए जा रहे हैं। इन शहरों में रेलवे कनेक्टिविटी और परिवहन सुविधाओं को बेहतर बनाने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है, ताकि उद्योगों को बेहतर लॉजिस्टिक सुविधा मिल सके। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लक्ष्य के साथ लगातार काम कर रहे हैं। इस लक्ष्य की प्राप्ति के लिए बिहार का समृद्ध होना आवश्यक है।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने एफटीए कार्ययोजना, निर्यातक पुस्तिका एवं एफएक्यू पुस्तिका का विमोचन किया। उनकी उपस्थिति में बिहार राज्य विपणन प्राधिकरण एवं आईआईएम बोधगया तथा गुड्स कैपिटल एवं एमएसएमई के बीच समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए। कार्यक्रम को उद्योग मंत्री श्रेयसी सिंह, विदेश व्यापार महानिदेशालय (डीजीएफटी) के महानिदेशक लव अग्रवाल एवं उद्योग विभाग के सचिव कुंदन कुमार ने भी संबोधित किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद चौधरी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

779687 Articles

Share this story