बापूधाम महोत्सव में पूर्वी चंपारण को 285 करोड़ की सौगात, बरियारपुर में बनेगा मेडिकल कॉलेज

WhatsApp Channel Join Now
बापूधाम महोत्सव में पूर्वी चंपारण को 285 करोड़ की सौगात, बरियारपुर में बनेगा मेडिकल कॉलेज


मोतिहारी, 01 सितंबर (हि.स.)। शहर के ऐतिहासिक गांधी मैदान में मंगलवार को बापूधाम महोत्सव के शुभारंभ के अवसर पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने पूर्वी चंपारण के विकास को लेकर कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। मुख्यमंत्री ने करीब 285 करोड़ की 145 विकास योजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास किया। इन योजनाओं से जिले में स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यटन, उद्योग, खेल और आधारभूत संरचना को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

मुख्यमंत्री ने बड़ी घोषणा करते हुए कहा कि बरियारपुर में मेडिकल कॉलेज का निर्माण कराया जाएगा। वहीं, मोतिहारी में तारामंडल का निर्माण जल्द शुरू होगा। पीपराकोठी में प्रस्तावित केंद्रीय विद्यालय को आम लोगों की मांग पर अब बरियारपुर में स्थापित करने की घोषणा की गई है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि नेहरू स्टेडियम में वर्तमान में संचालित केंद्रीय विद्यालय के स्थान पर इंडोर स्टेडियम बनाया जाएगा। इसके अलावा मोतिहारी में 20 करोड़ रुपये की लागत से अटल कला भवन का निर्माण कराया जाएगा।

तेतरिया के कोठिया में एक्वाकल्चर पार्क, मत्स्य समृद्धि क्लस्टर और फिश प्रोसेसिंग प्लांट का निर्माण भी जल्द शुरू करने की बात कही गई। मोतिहारी में मौजूदा मदर डेयरी से बड़े नए मदर डेयरी प्लांट की स्थापना की योजना भी है।

लंबे समय से बंद चीनी मिल को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि उसे दोबारा शुरू करने की दिशा में जल्द काम शुरू किया जाएगा। इसके अलावा मोतीझील के किनारे रोईंग क्लब से पावर हाउस, चीनी मिल, शिव मंदिर और अनाथ आश्रम होते हुए चिकनीघाट-अगरवा तक सड़क एवं नाला निर्माण कराया जाएगा। इस मार्ग को मरीन ड्राइव के रूप में विकसित करने की योजना है।

सड़काें के विकास और विस्तार के तहत मोतिहारी-तुरकौलिया-गोविंदगंज पथ में रघुनाथपुर पुल से बालगंगा तक 3.2 किलोमीटर सड़क का विकास किया जाएगा। वहीं, पीपरा एनएच-27 से राजपुर चौक भाया कल्याणपुर तक 17 किलोमीटर सड़क का चौड़ीकरण और मजबूतीकरण होगा। शीतलपुर से रमडीहा भाया निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज पथ और अरेराज मंदिर जाने वाली प्रमुख सड़कों के विकास की भी घोषणा की गई। मोतिहारी को हेलीकॉप्टर सेवा से जोड़ने की बात भी मुख्यमंत्री ने कही।

मुख्यमंत्री ने सरकारी कार्यालयों में आम लोगों के आवेदनों के निष्पादन में देरी को गंभीरता से लेने की बात कही। उन्होंने कहा कि यदि 10 दिन में कार्रवाई नहीं हुई तो 11वें दिन, 20 दिन में कार्रवाई नहीं हुई तो 21वें दिन और 25 दिन में भी कार्रवाई नहीं होने पर 30वें दिन संबंधित अधिकारी या कर्मचारी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ने पर संबंधित अधिकारी-कर्मी को निलंबित कर दिया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि नई पीढ़ी शिक्षित होगी, तभी बिहार समृद्ध होगा। इसके साथ ही उन्हाेंने बिहार में राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय (एनएसडी) का नया कैंपस स्थापित किए जाने की भी जानकारी दी। बताया कि केंद्र सरकार की सहमति मिलने के बाद राज्य सरकार भूमि उपलब्ध कराएगी और भवन निर्माण की स्वीकृत लागत का 50 प्रतिशत राज्यांश वहन करेगी। इसके अलावा चिरैया में एथलेटिक्स ट्रैक, लक्ष्मी नारायण दूबे कॉलेज के जीर्णोद्धार और मुंशी सिंह महाविद्यालय में खेल सुविधाओं के विकास की भी जानकारी दी गई।

गांधी मैदान में बापूधाम महोत्सव के उद्घाटन के बाद मुख्यमंत्री ने बापू प्रेक्षागृह में आयोजित तीन दिवसीय मेले का भी उद्घाटन किया। मेले में विभिन्न विभागों और संस्थाओं की गतिविधियों तथा उत्पादों को प्रदर्शित किया गया है। इस अवसर पर विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले चार नामचीन व्यक्तियों को सम्मानित किया गया।

मुख्यमंत्री ने चंपारण में महात्मा गांधी के ऐतिहासिक योगदान को याद करते हुए कहा कि बापूधाम महोत्सव चंपारण की ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और पर्यटन विरासत को देश-दुनिया के सामने प्रस्तुत करने का महत्वपूर्ण माध्यम है।

सांसद राधामोहन सिंह के जन्मदिन पर मुख्यमंत्री ने उन्हें बधाई देते हुए कहा कि वे केवल सांसद नहीं, बल्कि ऊर्जावान कार्यकर्ता हैं और क्षेत्र के विकास के लिए लगातार प्रयासरत रहते हैं। उन्होंने उनके स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना करते हुए कहा कि वे 77 नहीं, 177 साल तक जीवित रहें और जनता की सेवा करें।

इस अवसर पर कार्यक्रम में केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत सहित मंत्री, विधायक, विधान पार्षद, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में आमजन मौजूद रहे। ----------------

हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद चौधरी

Share this story