दरभंगा हवाई अड्डे का नाम महाकवि विद्यापति के नाम पर करने का प्रधानमंत्री से करेंगे आग्रह : सम्राट चौधरी

WhatsApp Channel Join Now
दरभंगा हवाई अड्डे का नाम महाकवि विद्यापति के नाम पर करने का प्रधानमंत्री से करेंगे आग्रह : सम्राट चौधरी


- मुख्यमंत्री ने कहा- अंतरराष्ट्रीय सुविधाओं से लैस होगा दरभंगा एयरपोर्ट, चार किलोमीटर लंबा होगा रन-वे- मिथिला में कक्षा छह तक मैथिली में पढ़ाई और मां सीता के नाम पर विश्वविद्यालय की स्थापना का एलान- दरभंगा में इंडस्ट्रियल कॉरिडोर विकसित करने की योजना, 346 करोड़ की 105 परियोजनाओं का उद्घाटन-शिलान्यास

पटना, 22 नवंबर (हि.स.)। बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि दरभंगा हवाई अड्डे का नामकरण महाकवि विद्यापति के नाम पर करने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से आग्रह करेंगे। महाकवि विद्यापति मिथिला की महान पहचान हैं। उनकी प्रतिमा राजकीय सम्मान के साथ स्थापित की जाएगी। दरभंगा एयरपोर्ट को अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाओं से युक्त बनाया जाएगा।

मुख्यमंत्री रविवार को दरभंगा जिले के नागेन्द्र झा स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इस मौके पर उन्होंने कहा कि दरभंगा हवाई अड्डे का रन-वे चार किलोमीटर लंबा होगा, जो पटना एयरपोर्ट के रन-वे से लगभग डेढ़ गुना होगा। यहां से अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के संचालन की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। दरभंगा हवाई अड्डे का विस्तार गयाजी और पटना एयरपोर्ट से भी बड़ा होगा। इसके लिए जमीन अधिग्रहण का कार्य शुरू हो गया है। नए टर्मिनल भवन का निर्माण मार्च 2027 से पहले पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके उद्घाटन के लिए भी प्रधानमंत्री से आग्रह किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने मिथिला की सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण पर जोर देते हुए कहा कि बिहार के विद्यालयों में कक्षा एक से छह तक मैथिली भाषा में पढ़ाई की व्यवस्था की जाएगी। मां सीता के नाम पर एक विश्वविद्यालय की स्थापना भी की जाएगी। उन्होंने कहा कि ज्ञान, साहित्य, कला और संस्कृति की इस पावन धरती मिथिला को आगे बढ़ाने के लिए राज्य सरकार हरसंभव प्रयास करेगी।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लक्ष्य के साथ लगातार काम कर रहे हैं। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश और बिहार में आधारभूत संरचना के विकास की दिशा में कई कार्य किए जा रहे हैं। कोसी-मेची लिंक परियोजना के लिए भी केंद्र सरकार ने आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई है। दरभंगा में एम्स के निर्माण के लिए मिट्टी भराई और टेंडर की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इससे मिथिला और आसपास के क्षेत्रों के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलेंगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मिथिला मखाना और दूध उत्पादन का प्रमुख केंद्र है। मखाना आज देश ही नहीं, पूरी दुनिया में सुपर फूड के रूप में पहचान बना चुका है। इससे किसानों को लाभ मिल रहा है। देश में उत्पादित कुल मखाने का लगभग 80 प्रतिशत बिहार में होता है। राज्य सरकार किसानों की आय बढ़ाने और कृषि आधारित उद्योगों को प्रोत्साहित करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।

औद्योगिक विकास की चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य वर्ष 2030 तक बिहार में 30 हजार मेगावाट बिजली का उत्पादन करना है। इसी अवधि तक एक करोड़ परिवारों को उद्यमी बनाने का लक्ष्य भी निर्धारित किया गया है। गयाजी में 1700 एकड़ में इंडस्ट्रियल कॉरिडोर विकसित किया गया है। इसी तर्ज पर दरभंगा में भी इंडस्ट्रियल कॉरिडोर विकसित करने की दिशा में काम शुरू किया जाएगा। इससे क्षेत्र में निवेश, रोजगार और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।

कार्यक्रम स्थल के समीप विभिन्न विभागों की ओर से विकास योजनाओं और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों से संबंधित स्टॉल लगाए गए थे। इनमें कला एवं संस्कृति, स्वास्थ्य, ग्रामीण विकास, उद्योग, शिक्षा, गन्ना उद्योग, अल्पसंख्यक कल्याण, श्रम संसाधन एवं प्रवासी श्रमिक कल्याण तथा दिव्यांगजन सशक्तिकरण एवं सामाजिक सुरक्षा सहित अन्य विभागों के स्टॉल शामिल थे। मुख्यमंत्री ने इनका अवलोकन कर विभागीय योजनाओं की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने लाभार्थियों के बीच सांकेतिक चेक, आयुष्मान कार्ड और बैटरी चालित ट्राईसाइकिल सहित अन्य लाभों का वितरण किया।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने महाकवि विद्यापति की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। उन्होंने विद्यापति सेवा संस्थान की ओर से प्रकाशित ‘मिथिलाक गाम’ पुस्तक के खंड-3 और ‘अर्पण’ स्मारिका का विमोचन किया। मिथिला सेवा संस्थान ने मुख्यमंत्री को मिथिला विभूति सम्मान से सम्मानित किया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने रिमोट के माध्यम से 346 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली 105 विकासात्मक परियोजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास किया। इनमें 103 परियोजनाओं का उद्घाटन और दो परियोजनाओं का शिलान्यास शामिल है।

-------------

हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद चौधरी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

781553 Articles

Share this story