अंतरराष्ट्रीय बौद्ध सम्मेलन की तैयारियों का मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने लिया जायजा

WhatsApp Channel Join Now
अंतरराष्ट्रीय बौद्ध सम्मेलन की तैयारियों का मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने लिया जायजा


-केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर भी समीक्षा-11 से 13 दिसंबर तक वैशाली में होगा तीन दिवसीय सम्मेलन

पटना, 27 नवंबर (हि.स.)। बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शुक्रवार को वैशाली जिले में बुद्ध सम्यक दर्शन संग्रहालय-सह-स्मृति स्तूप परिसर का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के प्रस्तावित कार्यक्रम और 11 से 13 दिसंबर तक आयोजित होने वाले तीन दिवसीय अंतरराष्ट्रीय बौद्ध सम्मेलन-2026 की तैयारियों का जायजा लिया।

मुख्यमंत्री ने भगवान बुद्ध की पूजा-अर्चना कर राज्य की सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की। इसके बाद उन्होंने परिसर में प्रस्तावित मुख्य मंच और सम्मेलन से जुड़ी अन्य तैयारियों का निरीक्षण किया।

बिहार सरकार के कला एवं संस्कृति विभाग और बिहार हेरिटेज डेवलपमेंट सोसाइटी के सहयोग से आयोजित होने वाले इस अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन की तैयारियों को लेकर आगंतुक केंद्र में मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक हुई। बैठक में उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि बौद्ध देशों से आने वाले सभी प्रतिनिधियों और श्रद्धालुओं के लिए सुविधाओं एवं सुरक्षा की पुख्ता व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सम्मेलन में शामिल होने के इच्छुक लोगों का आगमन सुगम बनाया जाए। उनके आवासन, भोजन, आवागमन और अन्य आवश्यक सुविधाओं का समुचित प्रबंध होना चाहिए। उन्होंने बौद्ध देशों से आने वाले प्रतिनिधियों और श्रद्धालुओं को बिहार के प्रमुख धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों का भ्रमण कराने की व्यवस्था करने का भी निर्देश दिया।

इसके लिए पर्यटन विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर बोधगया, राजगीर, केसरिया सहित अन्य महत्वपूर्ण स्थलों के भ्रमण की कार्ययोजना तैयार करने को कहा। मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को बौद्ध देशों को सम्मेलन के आमंत्रण पत्र भेजने और वहां के प्रतिनिधियों एवं समन्वयकों से लगातार संपर्क बनाए रखने के लिए विशेष टीम गठित करने का निर्देश दिया। प्रतिनिधियों के सुगम आवागमन के लिए ई-बसों की व्यवस्था करने को भी कहा।

उन्होंने स्पष्ट किया कि श्रद्धालुओं के आवासन, आवागमन, भोजन और सुरक्षा की व्यवस्था में किसी प्रकार की कमी नहीं रहनी चाहिए। मुख्यमंत्री ने अभिषेक पुष्करणी तालाब का सौंदर्यीकरण कराने और वहां विभिन्न प्रकार के स्टॉल लगाने का निर्देश दिया, जिससे कि परिसर में मेले जैसा माहौल विकसित किया जा सके। उन्होंने सम्मेलन में स्थानीय लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करने और उनके लिए भी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने को कहा।

मुख्यमंत्री ने वैशाली के ऐतिहासिक और धार्मिक महत्व को देखते हुए यहां स्थायी हेलीपैड की व्यवस्था करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि बिहार के सभी महत्वपूर्ण पर्यटन एवं धार्मिक स्थलों पर स्थायी हेलीपैड विकसित करने की योजना तैयार की जाए, ताकि देश-विदेश से आने वाले पर्यटक और श्रद्धालु आसानी से इन स्थलों तक पहुंच सकें।

सम्राट चौधरी ने परिसर तक पहुंचने वाली सड़कों को दुरुस्त करने और विशेष यातायात योजना तैयार करने का भी निर्देश दिया, जिससे कि सम्मेलन के दौरान आवागमन सुचारू रहे और जाम की समस्या उत्पन्न न हो। इसके अलावा सेवा संकल्प एवं कायाकल्प अभियान के तहत आसपास के क्षेत्रों और लिंक पथों के किनारे स्थित गांवों में साफ-सफाई सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं दुरुस्त करने को कहा।

इस अवसर पर कला एवं संस्कृति मंत्री प्रमोद कुमार, विधायक सिद्धार्थ पटेल, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत सहित अन्य जनप्रतिनिधि और वरीय अधिकारी उपस्थित थे।----------

हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद चौधरी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

784101 Articles

Share this story