मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने ऊर्जा विभाग की समीक्षा बैठक में सौर ऊर्जा को बढ़ावा देने पर दिया ज़ोर

WhatsApp Channel Join Now
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने ऊर्जा विभाग की समीक्षा बैठक में सौर ऊर्जा को बढ़ावा देने पर दिया ज़ोर


मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने ऊर्जा विभाग की समीक्षा बैठक में सौर ऊर्जा को बढ़ावा देने पर दिया ज़ोर


पटना, 25 मई (हि.स.)। बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोमवार को लोक सेवक आवास, 1 अणे मार्ग स्थित ‘संकल्प’ में ऊर्जा विभाग की समीक्षा बैठक की। बैठक के दौरान उन्होंने राज्य में हरित एवं स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देने के लिए सौर ऊर्जा योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष जोर दिया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार की ओर से 'मुख्यमंत्री विद्युत उपभोक्ता सहायता योजना' के तहत घरेलू उपभोक्ताओं को प्रतिमाह 125 यूनिट तक निःशुल्क बिजली उपलब्ध कराई जा रही है। उपभोक्ताओं को सौर ऊर्जा के उपयोग के लिए प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से सरकार घरों में सोलर पैनल लगाने की योजना चला रही है, ताकि राज्य सौर ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बन सके। उन्होंने कहा कि सौर ऊर्जा को बढ़ावा मिलने से पारंपरिक बिजली पर निर्भरता कम होगी और विद्युत उत्पादन क्षमता में भी वृद्धि होगी।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि हरित एवं स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देने के लिए समग्र योजना के तहत कार्य किया जाए और जहां भी सोलर पैनल लगाए गए हैं, उनका नियमित रखरखाव सुनिश्चित किया जाए।

मुख्यमंत्री ने ग्रामीण क्षेत्रों में जीविका समूहों की महिलाओं को सोलर संयंत्र स्थापित करने के लिए प्रोत्साहित करने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि सोलर संयंत्रों की कार्यप्रणाली और उससे होने वाले लाभों का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों का सौर ऊर्जा के प्रति रुझान बढ़े।

बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने 'प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना' के कार्यों में तेजी लाने और अधिक से अधिक घरों को इससे जोड़ने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि उपभोक्ताओं को सोलर पैनल लगाने के लिए प्रेरित किया जाए। साथ ही 'कुटीर ज्योति योजना' के तहत 10 लाख उपभोक्ताओं के परिसरों में सोलर संयंत्र स्थापित करने के लक्ष्य को शीघ्र पूरा करने पर भी जोर दिया।

मुख्यमंत्री ने कृषि फीडरों के सोलराइजेशन को बढ़ावा देने के निर्देश देते हुए कहा कि अधिक से अधिक कृषि फीडरों को इस योजना में शामिल किया जाए, ताकि कृषि कार्यों में भी सौर ऊर्जा का व्यापक उपयोग सुनिश्चित हो सके।

बैठक में ऊर्जा विभाग के सचिव अजय यादव ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से विभागीय योजनाओं की अद्यतन स्थिति, उपभोक्ताओं को मिलने वाले लाभ, प्रधानमंत्री सूर्य घर-मुफ्त बिजली योजना, बीपीएल उपभोक्ताओं के लिए सोलराइजेशन प्लान, जीविका दीदियों के लिए अतिरिक्त प्रोत्साहन योजना तथा पीएम-कुसुम योजना सहित विभिन्न भावी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी।---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद चौधरी

Share this story