श्री गुरु गोविंद सिंह जी महाराज का 360वां प्रकाश पर्व 350वें की तरह भव्य और ऐतिहासिक होगा : सम्राट चौधरी

WhatsApp Channel Join Now
श्री गुरु गोविंद सिंह जी महाराज का 360वां प्रकाश पर्व 350वें की तरह भव्य और ऐतिहासिक होगा : सम्राट चौधरी


पटना, 21 नवंबर (हि.स.)। बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने श्री गुरु गोविंद सिंह जी महाराज के 360वें प्रकाश पर्व के आयोजन को लेकर अधिकारियों को सभी आवश्यक तैयारियां समयबद्ध और सुव्यवस्थित ढंग से पूरी करने का निर्देश दिया है। उन्होंने कहा कि 360वें प्रकाश पर्व का आयोजन 350वें प्रकाश पर्व की तरह भव्य और ऐतिहासिक होना चाहिए, जिससे कि देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालु एक यादगार अनुभव लेकर लौटें।

मुख्यमंत्री ने शनिवार को लोक सेवक आवास स्थित 'संकल्प' सभागार में आयोजित उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रकाश पर्व में शामिल होने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। उनके आवागमन, ठहरने, भोजन, साफ-सफाई, सुरक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

उन्होंने कहा कि देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आगमन की संभावना को देखते हुए उनकी सुविधा, सुरक्षा और सम्मान का विशेष ध्यान रखा जाए। इसके लिए यातायात प्रबंधन, स्वच्छता, पेयजल, स्वास्थ्य, प्रकाश व्यवस्था और आवासन सहित सभी जरूरी सुविधाओं की समुचित व्यवस्था की जाए। रेलवे स्टेशनों, बस पड़ावों और अन्य प्रमुख स्थानों पर भी श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा के लिए आवश्यक इंतजाम किए जाएं।

मुख्यमंत्री ने आयोजन से जुड़ी सभी व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी करने और विभिन्न विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि तैयारियों में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए। श्रद्धालुओं को किसी तरह की असुविधा न हो, इसके लिए सभी व्यवस्थाएं पहले से सुनिश्चित की जाएं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि श्री गुरु गोविंद सिंह जी महाराज का जीवन त्याग, साहस, सेवा, मानवता और धर्म की रक्षा का अद्वितीय संदेश देता है। उनके 360वें प्रकाश पर्व का आयोजन पूरी श्रद्धा, भव्यता और गरिमा के साथ किया जाना चाहिए। राज्य सरकार इस पावन अवसर को यादगार बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।----------

हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद चौधरी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

781109 Articles

Share this story