युवाओं की भूमिका लोकतंत्र को मजबूत बनाने और विकसित भारत के निर्माण में अहम : सम्राट चौधरी
-मुख्यमंत्री ने दो दिवसीय ‘पाटलिपुत्र राष्ट्रीय युवा संसद-2.0’ का किया शुभारम्भ
पटना, 01 नवंबर (हि.स.)। बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने रविवार को गोला रोड (रंजन पथ) स्थित ज्ञान निकेतन स्कूल परिसर में आयोजित दो दिवसीय ‘पाटलिपुत्र राष्ट्रीय युवा संसद-2.0’ का दीप प्रज्वलित कर शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि लोकतंत्र को मजबूत बनाने और विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की भूमिका महत्वपूर्ण है।
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि लोकतंत्र की नींव बिहार की धरती से पड़ी है। वर्ष 1947 में स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान और संघर्ष से देश आजाद हुआ। आजादी के 80 वर्ष पूरे होने के अवसर पर हमें लोकतांत्रिक मूल्यों को और मजबूत बनाने का संकल्प लेना चाहिए।
उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी देश का भविष्य है। लोकतंत्र को मजबूत बनाने, देश की सभ्यता और संस्कृति को आगे बढ़ाने तथा भारत को सशक्त राष्ट्र बनाने में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है। वर्ष 1974 के आंदोलन में युवाओं ने बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाई थी। आज का दौर जेन-जी और जेन अल्फा का है। युवा पीढ़ी को लोकतांत्रिक व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने की दिशा में काम करना होगा। पाटलिपुत्र राष्ट्रीय युवा संसद जैसे आयोजन युवाओं को लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं, संवैधानिक मूल्यों और राष्ट्र निर्माण के प्रति जागरूक करने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि लोकतंत्र में जनता मालिक होती है और यह लोकलाज से चलता है। जनता की आवाज और उसकी अपेक्षाओं को समझना सरकार की जिम्मेदारी है। जनता ने हमें काम करने का अवसर दिया है, इसका अर्थ यह नहीं कि हम स्वयं को भाग्य विधाता समझने लगें। जनहित में लिए गए निर्णयों और बनाए गए कानूनों की समय-समय पर समीक्षा करनी पड़ती है। जरूरत पड़ने पर उन्हें वापस भी लेना पड़ता है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी लगातार तीसरी बार देश के प्रधानमंत्री बने हैं। पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भी लगातार पांच बार बिहार के मुख्यमंत्री रहे। इन नेताओं ने जनता की अपेक्षाओं के अनुरूप विकास कार्यों को प्राथमिकता दी। जनता के लिए समर्पित भाव से काम करने वालों को उसका विश्वास और समर्थन मिलता है। राजतंत्र की सोच रखने वाले लोग जनता की अपेक्षाओं को नहीं समझ पाते, जबकि लोकतंत्र में जनता की आवाज सर्वोपरि होती है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 12 वर्षों के कार्यकाल में साढ़े पांच करोड़ लोगों को पक्के मकान उपलब्ध कराए गए हैं और 80 करोड़ लोगों को अनाज दिया जा रहा है। पेयजल, बिजली सहित बुनियादी सुविधाओं का विस्तार किया गया है। बिहार में अमीर से लेकर गरीब तक सभी को 125 यूनिट मुफ्त बिजली दी जा रही है।
उन्होंने कहा कि बिहार में विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना संचालित की जा रही है। इसके माध्यम से मेडिकल, इंजीनियरिंग सहित अन्य उच्च शिक्षा प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को चार लाख रुपये तक की आर्थिक सहायता दी जाती है। इस योजना पर प्रतिवर्ष लगभग 18 हजार करोड़ रुपये खर्च किए जाते हैं।
मुख्यमंत्री ने पाटलिपुत्र राष्ट्रीय युवा संसद के संस्थापक सायन कुणाल और सांसद शांभवी चौधरी को इस आयोजन के लिए धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम का आयोजन प्रत्येक वर्ष किया जाना चाहिए, जिससे कि युवाओं को लोकतंत्र, राष्ट्र निर्माण और सामाजिक दायित्वों के प्रति जागरूक करते हुए उन्हें मुख्यधारा से जोड़ने का निरंतर प्रयास किया जा सके।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने आयोजन समिति से जुड़े लोगों को मोमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने भारतीय पुलिस सेवा के सेवानिवृत्त अधिकारी स्व. आचार्य किशोर कुणाल की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि भी अर्पित की। कार्यक्रम को शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी, सांसद शांभवी चौधरी और पाटलिपुत्र राष्ट्रीय युवा संसद के संस्थापक सायन कुणाल ने भी संबोधित किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद चौधरी

