दीपावली, काली पूजा और छठ पर सुरक्षा व स्वच्छता के पुख्ता इंतजाम करें अधिकारी : सम्राट चौधरी

WhatsApp Channel Join Now
दीपावली, काली पूजा और छठ पर सुरक्षा व स्वच्छता के पुख्ता इंतजाम करें अधिकारी : सम्राट चौधरी


-मुख्यमंत्री ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से की समीक्षा बैठक, भ्रामक खबरों पर चार घंटे के भीतर कार्रवाई का दिया निर्देश

पटना, 06 नवंबर (हि.स.)। बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने दीपावली, काली पूजा और छठ महापर्व के मद्देनजर शुक्रवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से राज्य में विधि-व्यवस्था, सुरक्षा, स्वच्छता और अन्य आवश्यक तैयारियों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि त्योहारों के अवसर पर बड़ी संख्या में बिहार के लोग दूसरे राज्यों और विदेशों से अपने घर लौटते हैं। यह सुनिश्चित किया जाए कि उन्हें अपने गृह राज्य में खुशी, सुरक्षा और सकारात्मक बदलाव का अनुभव हो।

मुख्यमंत्री ने कहा कि दीपावली, काली पूजा और छठ महापर्व को लेकर सभी अधिकारियों को सतर्क और तत्पर रहना होगा। विधि-व्यवस्था बनाए रखने के साथ सभी आवश्यक तैयारियां समय पर पूरी की जाएं। उन्होंने कहा कि छठ महापर्व बिहार का गौरव और सांस्कृतिक पहचान का प्रमुख पर्व है। इस अवसर पर श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और स्वच्छता का विशेष ध्यान रखा जाए।

मुख्यमंत्री ने त्योहारों के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त संख्या में पुलिस बल तैनात करने का निर्देश दिया। सभी जिलों में क्विक रिस्पांस टीम (क्यूआरटी) गठित कर उन्हें पूरी तरह सक्रिय और अलर्ट रखा जाए। रेलवे स्टेशनों और बस स्टैंडों के आसपास चौबीसों घंटे गश्त की व्यवस्था हो। पुलिस पेट्रोलिंग प्रभावी रखी जाए और किसी भी अप्रिय घटना की स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

मुख्यमंत्री ने रेलवे स्टेशनों, बस स्टैंडों, सार्वजनिक स्थलों और छठ घाटों पर साफ-सफाई की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने निर्देश दिया कि जिलाधिकारी स्वयं इन व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी करें। छठ घाटों पर निर्धारित मानकों के अनुरूप सुरक्षा और अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। व्यवस्थाओं में स्थानीय स्वयंसेवकों को भी शामिल किया जाए। गांवों के छठ घाटों पर स्थानीय तैराकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा विद्युत सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का निर्देश भी दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि कहीं भी नंगे तारों का इस्तेमाल नहीं होना चाहिए।

मुख्यमंत्री ने भ्रामक और फर्जी खबरों पर त्वरित कार्रवाई के लिए प्रत्येक स्तर पर क्विक रिस्पांस टीम गठित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि किसी खबर के सही पाए जाने पर तत्काल आवश्यक कार्रवाई करते हुए जवाब दिया जाए और गलत खबर होने पर उसका शीघ्र खंडन किया जाए। इसके लिए अधिकतम चार घंटे के भीतर प्रतिक्रिया सुनिश्चित की जाए, जिससे कि भ्रामक सूचनाओं से नकारात्मक माहौल न बने और जनता तक सही जानकारी पहुंचे।

मुख्यमंत्री ने बताया कि 25 नवंबर के बाद वे विभिन्न जिलों का भ्रमण करेंगे। उन्होंने कहा कि 16 नवंबर के बाद विकास कार्यों पर विशेष ध्यान देते हुए योजनाओं के क्रियान्वयन की नियमित समीक्षा की जाएगी। राज्य में औद्योगिक विकास को गति देने के लिए जिलाधिकारियों और पुलिस अधीक्षकों को प्रत्येक माह उद्योगपतियों के साथ बैठक करने का निर्देश दिया। इसका उद्देश्य उनकी समस्याओं का समाधान करना तथा निवेश और रोजगार के नए अवसर सृजित करना है।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद चौधरी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

773520 Articles

Share this story