मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भागलपुर में 442 करोड़ की 144 योजनाओं का किया उद्घाटन-शिलान्यास

WhatsApp Channel Join Now
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भागलपुर में 442 करोड़ की 144 योजनाओं का किया उद्घाटन-शिलान्यास


भागलपुर, 17 मार्च (हि.स.)। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मंगलवार को भागलपुर जिला अंतर्गत जगदीशपुर प्रखंड के बैजानी में 442 करोड़ रुपये की लागत से 144 विकासात्मक योजनाओं का रिमोट के माध्यम से उद्घाटन एवं शिलान्यास किया।

मुख्यमंत्री द्वारा जिन योजनाओं का उद्घाटन किया गया और जिनकी आधारशिला रखी गई, उनमें 171 करोड़ रुपये की लागत वाली 88 परियोजनाओं का उद्घाटन और 271 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली 56 परियोजनाओं की आधारशिला रखना शामिल है।

मुख्यमंत्री ने भागलपुर जिला अंतर्गत भागलपुर-गोराडीह मार्ग पर भागलपुर-बौंसी रेलवे लाइन पर पहुंच पथ सहित रेल ओवर ब्रिज (आरओबी) के निर्माण कार्य की प्रगति का निरीक्षण किया। निरीक्षण के क्रम में मुख्यमंत्री ने प्रगति यात्रा के दौरान घोषित विकासात्मक योजनाओं एवं अन्य कल्याणकारी योजनाओं के प्रस्तुतीकरण का अवलोकन कर उनके क्रियान्वयन की प्रगति के संबंध में अधिकारियों से विस्तृत जानकारी ली।

इन योजनाओं में सुल्तानगंज नगर परिषद् अंतर्गत जहाज घाट के निकट रेलवे की 17 एकड़ 47.62 डिसमिल भूमि पर पर्यटकीय दृष्टिकोण से सुविधाओं का विस्तार, फतेहपुर चेकडैम का निर्माण कार्य, नवगछिया अनुमंडल में स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का निर्माण कार्य, भागलपुर जिले में कैंसर के इलाज के लिए कैंसर संस्थान की स्थापना शामिल हैं।

इन सबके अलावा 11 प्रखंडों (बिहपुर, शाहकुंड, कहलगांव, सबौर, नवगछिया, सन्हौला, पीरपैंती, गोराडीह, नारायणपुर, इस्माईलपुर, नाथनगर) में प्रखंड-सह-अंचल कार्यालय भवन एवं आवासीय परिसर का निर्माण, सुल्तानगंज भागलपुर जिलान्तर्गत अवस्थित ग्रीनफील्ड अंतराष्ट्रीय हवाई अड्डे का निर्माण कार्य, प्रखंड गोराडीह अंतर्गत ग्राम पंचायत अगरपुर माछीपुर में अन्तर्राज्यीय आधुनिक बस अड्डा का निर्माण, गोराडीह प्रखंड में उपलब्ध सरकारी भूमि पर औद्योगिक क्षेत्र का विकास, एसएम कॉलेज से मिरजानहाट पथ पर आरओबी (भोलानाथ पुल) के निर्माण कार्य शामिल हैं।

मुख्यमंत्री ने इस मौके पर अधिकारियों को निर्देश दिया इन सभी योजनाओं का क्रियान्वयन अच्छे ढंग से सुनिश्चित कराएं। निर्धारित समय सीमा के अंदर कार्य पूर्ण हो, इसका विशेष रूप से ख्याल रखें। इन सभी कार्यों के पूरा हो जाने से लोगों को काफी फायदा मिलेगा। पथों एवं आरओबी का निर्माण कार्य पूर्ण होने से वाहनों का परिचालन और अधिक सुचारू रूप से हो सकेगा।

मुख्यमंत्री ने जगदीशपुर प्रखंड के ग्राम पंचायत बैजानी का भ्रमण कर पंचायत सरकार भवन, आयुष्मान आरोग्य मंदिर, राजकीय मध्य विद्यालय बैजानी, जल-जीवन-हरियाली के तहत जीर्णोद्धार कराए गए पोखर आदि का निरीक्षण किया। पंचायत सरकार भवन, बैजानी के प्रांगण में मुख्यमंत्री ने पौधारोपण भी किया।

मुख्यमंत्री ने ग्राम पंचायत बैजानी में मुख्यमंत्री कन्या विवाह मंडप का शिलापट्ट अनावरण कर शिलान्यास किया। राजकीय मध्य विद्यालय, बैजानी के छात्र-छात्राओं ने ताली बजाकर मुख्यमंत्री का स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर कहा कि आप सभी मन लगाकर पढ़ाई करें। आप ही देश के भविष्य हैं। आप सभी को बहुत-बहुत बधाई एवं शुभकामनाएं।

मुख्यमंत्री ने जगदीशपुर प्रखंड के ग्राम पंचायत बैजानी में आयोजित जनसभा स्थल के निकट विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन किया। अवलोकन के क्रम में मुख्यमंत्री ने 8305 जीविका स्वयं सहायता समूहों के एक लाख पांच हजार पांच सौ पच्चीस जीविका दीदियों को बैंकों से प्रदत ऋण के तहत 377 करोड़ 66 लाख 50 हजार रुपये का सांकेतिक चेक, मुख्यमंत्री अंतर्जातीय विवाह प्रोत्साहन अनुदान योजना का सांकेतिक चेक, समेकित बकरी एवं भेड़ विकास योजना का सांकेतिक चेक, बिहार स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड आदि लाभुकों को प्रदान किया।

जीविका दीदियों ने मुख्यमंत्री का स्वागत करते हुए कहा कि आपके द्वारा हम महिलाओं को आगे बढ़ाने के लिए अनेक महत्वपूर्ण कार्य किए गए हैं। इसके लिए हम सभी आपके आभारी हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि आप सभी जीविका दीदियों को बधाई है। आप सभी बहुत अच्छा काम कर रही हैं। आगे भी पूरे बुलंदी के साथ काम करते रहिए, राज्य सरकार हर संभव मदद करेगी।---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद चौधरी

Share this story