दिल्ली के द्वारका फायरिंग कांड में खगड़िया के श्रमिक की मौत पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने जताया शोक
पटना, 29 अप्रैल (हि.स.)। राजधानी दिल्ली के द्वारका क्षेत्र के जाफरपुर कलां थाना क्षेत्र में हुई फायरिंग की दर्दनाक घटना में बिहार के खगड़िया जिले के निवासी श्रमिक पांडव कुमार की मौत हो गई। इस घटना पर बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने इस घटना को अत्यंत दुखद बताते हुए पीड़ित परिवार के प्रति संवेदना प्रकट की है।
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि दिल्ली के द्वारका में हुई इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना में खगड़िया निवासी श्रमिक पांडव कुमार की मौत बेहद पीड़ादायक है। उन्होंने कहा कि शोक संतप्त परिवार के प्रति उनकी गहरी संवेदनाएं हैं और प्रशासन न्यायपूर्ण कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस विकट घड़ी में सरकार पीड़ित परिवार की सहायता के लिए हर स्तर पर प्रयास कर रही है। उन्होंने मृतक के आश्रितों को 8 लाख रुपये का अनुग्रह अनुदान देने का निर्देश दिया है। इसमें 4 लाख रुपये श्रम संसाधन विभाग की ओर से तथा 4 लाख रुपये मुख्यमंत्री राहत कोष से दिए जाएंगे।
उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोकाकुल परिजनों को इस कठिन समय में धैर्य और संबल प्रदान करने की प्रार्थना की।
उल्लेखनीय है कि दिल्ली के द्वारका क्षेत्र में दिल्ली पुलिस के एक हवलदार द्वारा दो बिहारी युवकों पर गोली चलाने की घटना सामने आई थी। इस फायरिंग में एक युवक पांडव कुमार की मौत हो गई, जबकि दूसरे युवक की हालत गंभीर बनी हुई है और उसका इलाज जारी है।
इस घटना के बाद बिहार समेत प्रवासी श्रमिकों के बीच गहरा आक्रोश और चिंता का माहौल है। लोगों ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। प्रशासन मामले की जांच में जुटा हुआ है।----------------
हिन्दुस्थान समाचार / चंदा कुमारी

