भागलपुर गंगा हादसे पर मुख्यमंत्री ने जताया शोक, मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख अनुग्रह अनुदान

WhatsApp Channel Join Now
भागलपुर गंगा हादसे पर मुख्यमंत्री ने जताया शोक, मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख अनुग्रह अनुदान


भागलपुर गंगा हादसे पर मुख्यमंत्री ने जताया शोक, मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख अनुग्रह अनुदान


पटना, 25 अप्रैल (हि.स.)। बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने भागलपुर जिले के नवगछिया के रंगरा प्रखंड अंतर्गत झल्लूदास टोला स्थित गंगा घाट पर हुए हादसे पर गहरी शोक संवेदना व्यक्त की है। गंगा नदी में स्नान के दौरान एक ही परिवार के तीन लोगों की डूबने से मौत हो गई, जिससे पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।

मुख्यमंत्री ने इस घटना को अत्यंत दुखद और हृदयविदारक बताया। उन्होंने कहा कि इस तरह की घटनाएं पूरे समाज को झकझोर देती हैं और पीड़ित परिवार के दुख को शब्दों में व्यक्त नहीं किया जा सकता।

मुख्यमंत्री ने आपदा प्रबंधन विभाग को निर्देश दिया है कि मृतकों के आश्रितों को तत्काल 4-4 लाख रुपये की अनुग्रह अनुदान राशि उपलब्ध कराई जाए, ताकि इस कठिन समय में परिवार को आर्थिक सहारा मिल सके।

उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना की कि शोक संतप्त परिजनों को इस असहनीय दुख को सहने की शक्ति मिले और दिवंगत आत्माओं को शांति प्राप्त हो।

घटना के बाद स्थानीय प्रशासन और आपदा प्रबंधन विभाग की टीम स्थिति पर नजर बनाए हुए है। प्रशासन की ओर से आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

इस हादसे ने एक बार फिर नदी घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था और सावधानी की आवश्यकता को रेखांकित किया है, विशेषकर गर्मी के मौसम में जब बड़ी संख्या में लोग स्नान के लिए नदी घाटों की ओर रुख करते हैं।------------

हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद चौधरी

Share this story