मुख्यमंत्री ने पंचायत सरकार भवनों के निर्माण और रखरखाव में तेजी लाने का दिया निर्देश

WhatsApp Channel Join Now

-पंचायत सरकार भवनों में 20 किलोवाट क्षमता के सोलर पैनल लगाने की तैयारी

पटना, 06 नवंबर (हि.स.)। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने पंचायत सरकार भवनों के निर्माण कार्य में तेजी लाने के साथ ही उनके बेहतर रखरखाव एवं नियमित देखरेख की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। उन्होंने कहा कि पंचायत सरकार भवनों का निर्माण करने वाले संवेदकों को ही इनके मेंटेनेंस की जिम्मेदारी सौंपी जाए। इसके लिए संवेदकों की जवाबदेही तय करते हुए प्रभावी तंत्र तैयार किया जाए।

मुख्यमंत्री शुक्रवार को लोक सेवक आवास स्थित 'संकल्प' सभागार में पंचायती राज विभाग की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि पंचायत सरकार भवनों में सोलर पैनल लगाने की व्यवस्था निर्माण के एस्टीमेट में ही शामिल की जाए। इस कार्य को 15वें वित्त आयोग एवं सप्तम राज्य वित्त आयोग से भी जोड़ा जाए, जिससे कि इसके लिए समय पर आवश्यक धनराशि उपलब्ध हो सके और काम में तेजी लाई जा सके।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पंचायतों में बिजली आपूर्ति की स्थिति की जानकारी संबंधित जनप्रतिनिधियों को नियमित रूप से मिलनी चाहिए। इसके लिए एक समर्पित टीम गठित की जाए, जो पंचायत के मुखिया, विधायक और सांसद सहित सभी संबंधित जनप्रतिनिधियों के निर्धारित मोबाइल नंबर पर उनके क्षेत्र की प्रत्येक पंचायत में प्रतिदिन बिजली आपूर्ति के घंटों की जानकारी उपलब्ध कराए।

मुख्यमंत्री ने जलमीनारों पर सोलर पैनल की क्षमता बढ़ाने का भी निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि प्रस्तावित पांच किलोवाट की जगह 20 किलोवाट क्षमता के सोलर पैनल लगाए जाएं, जिससे कि स्थानीय लोगों को इस व्यवस्था का अधिकाधिक लाभ मिल सके। उन्होंने अधिकारियों को इस दिशा में आवश्यक कार्रवाई करने को कहा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि योजनाओं का क्रियान्वयन इस प्रकार किया जाए, जिससे पंचायतों में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार हो, ऊर्जा की बचत सुनिश्चित हो और ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।------------

हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद चौधरी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

773520 Articles

Share this story