प्रधानमंत्री के 'मन की बात' कार्यक्रम में बिहार संग्रहालय का उल्लेख करने पर सम्राट चौधरी ने जताया आभार
- मुख्यमंत्री ने भाजपा प्रदेश कार्यालय में सुना 'मन की बात' का 140वां एपिसोड- नशामुक्त भारत, फिटनेस और साइबर सुरक्षा पर प्रधानमंत्री के संदेशों को बताया प्रेरणादायी
पटना, 29 नवंबर (हि.स.)। बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने रविवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश कार्यालय में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मासिक रेडियो कार्यक्रम 'मन की बात' का 140वां एपिसोड सुना। इस दौरान प्रधानमंत्री की ओर से बिहार संग्रहालय का उल्लेख किए जाने पर मुख्यमंत्री ने उनका आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इससे बिहार की गौरवशाली ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिली है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि 'मन की बात' में बिहार संग्रहालय का उल्लेख राज्यवासियों के लिए गर्व और गौरव का विषय है। बिहार संग्रहालय राज्य की समृद्ध ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और कलात्मक विरासत का प्रतिनिधित्व करता है। विश्व के 100 सर्वश्रेष्ठ संग्रहालयों की सूची में इसे नौवां और एशिया में पहला स्थान मिलना बिहार की सांस्कृतिक उपलब्धि का प्रमाण है। प्रधानमंत्री की ओर से इस उपलब्धि को राष्ट्रीय मंच पर स्थान देना बिहार की विरासत को देश-दुनिया तक पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री ने कार्यक्रम के 140वें एपिसोड में नशामुक्त भारत के निर्माण का संकल्प दोहराते हुए विशेष रूप से युवाओं को नशे से दूर रहने का संदेश दिया। नशे की लत से संघर्ष कर उससे बाहर निकलने वाले युवाओं के प्रेरक प्रसंगों के माध्यम से उन्होंने समाज को जागरूक और संवेदनशील बनने की प्रेरणा दी। यह संदेश युवाओं के उज्ज्वल भविष्य और स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए महत्वपूर्ण है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने फिटनेस और स्वस्थ जीवनशैली को जनआंदोलन बनाने पर भी जोर दिया। नियमित शारीरिक गतिविधियों, खेलकूद और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता को जीवन का हिस्सा बनाने का उनका आह्वान स्वस्थ एवं सशक्त भारत के निर्माण की दिशा में प्रेरणादायी है। इसके साथ ही साइबर सुरक्षा और डिजिटल जागरूकता पर प्रधानमंत्री का संदेश वर्तमान तकनीकी युग में प्रत्येक नागरिक के लिए महत्वपूर्ण है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि 'मन की बात' देश की विविध उपलब्धियों, प्रेरक व्यक्तित्वों, सामाजिक प्रयासों और स्थानीय विरासत को राष्ट्रीय मंच प्रदान करता है। यह कार्यक्रम जनभागीदारी, सामाजिक जागरूकता और राष्ट्र निर्माण में नागरिकों की सक्रिय भूमिका को प्रोत्साहित करता है।
उन्होंने बिहार की ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक विरासत को सम्मान देने तथा युवाओं और समाज को सकारात्मक दिशा देने वाले प्रेरक संदेशों के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रति पुनः आभार व्यक्त किया।------------
हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद चौधरी

