बिहार के तीन विश्वविद्यालयों के निर्माणाधीन भवन मार्च 2027 तक होंगे पूरे : सम्राट चौधरी

WhatsApp Channel Join Now


बिहार के तीन विश्वविद्यालयों के निर्माणाधीन भवन मार्च 2027 तक होंगे पूरे : सम्राट चौधरी


-'बिहार गति' के तहत 100 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं की समीक्षा-पटना विश्वविद्यालय के समग्र विकास के लिए मास्टर प्लान बनाने का निर्देश-किसानों की आर्थिक समृद्धि के लिए नकदी फसलों की जिलावार कार्ययोजना तैयार होगी

पटना, 24 नवंबर (हि.स.)। बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मंगलवार को लोकसेवक आवास स्थित 'संकल्प' सभागार में 'बिहार गति' कार्यक्रम के तहत 100 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली राज्य की विकास परियोजनाओं और केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। इस दौरान उच्च शिक्षा एवं कृषि विकास से संबंधित योजनाओं की समीक्षा की गई।

बैठक में मुख्यमंत्री ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को विकास परियोजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाने और निर्धारित समय-सीमा के भीतर कार्य पूरा करने का निर्देश दिया। इस दौरान उच्च शिक्षा विभाग के सचिव राजीव रौशन ने विभाग की विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन की विस्तृत जानकारी दी।

मुख्यमंत्री ने पाटलिपुत्र विश्वविद्यालय के प्रशासनिक एवं शैक्षणिक भवन, इंडोर स्टेडियम, राष्ट्रीय राजमार्ग से संपर्क पथ सहित अन्य निर्माण कार्यों की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने पूर्णिया विश्वविद्यालय और पटना विश्वविद्यालय के भवन निर्माण कार्यों की भी समीक्षा की।

मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि पाटलिपुत्र, पूर्णिया और पटना विश्वविद्यालयों के निर्माणाधीन भवनों सहित अन्य आधारभूत संरचनाओं का निर्माण मार्च 2027 तक हर हाल में पूरा किया जाए। उन्होंने पटना विश्वविद्यालय के समग्र विकास के लिए सभी हितधारकों से संवाद कर मास्टर प्लान तैयार करने को कहा। साथ ही, विश्वविद्यालय के छात्रावासों में केवल विद्यार्थियों के रहने की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

कृषि क्षेत्र की समीक्षा के दौरान मुख्यमंत्री ने राज्य की कृषि प्राथमिकताएं तय करने और किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत करने के लिए नकदी फसलों की जिलावार कार्ययोजना तैयार करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि कृषि योजनाओं का मुख्य उद्देश्य किसानों की आर्थिक समृद्धि सुनिश्चित करना होना चाहिए। बिहार के कृषि उत्पादों की बेहतर ब्रांडिंग और उनके लिए व्यापक बाजार उपलब्ध कराने पर भी उन्होंने जोर दिया।

मुख्यमंत्री ने वर्ष 2030 तक परिवहन और लॉजिस्टिक्स के अन्य माध्यमों को विकसित करने का निर्देश दिया, जिससे कि राज्य के कृषि उत्पादों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक आसानी से पहुंचाया जा सके।

सम्राट चौधरी ने कहा कि उच्च शिक्षा के आधारभूत ढांचे को मजबूत करना और कृषि क्षेत्र का विकास बिहार की प्रगति के महत्वपूर्ण आधार हैं। सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ योजनाओं को तेजी से धरातल पर उतारें, जिससे कि विद्यार्थियों और किसानों को उनका प्रत्यक्ष लाभ मिल सके।

----------

हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद चौधरी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

782263 Articles

Share this story