पश्चिम बंगाल में भाजपा सरकार के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल हुए सम्राट चौधरी

WhatsApp Channel Join Now
पश्चिम बंगाल में भाजपा सरकार के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल हुए सम्राट चौधरी


पटना, 09 मई (हि.स.)। बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी शनिवार को पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री के रूप में सुभेंदु अधिकारी के शपथ ग्रहण समारोह में भाग लिया। यह समारोह कोलकाता के ऐतिहासिक ब्रिगेड परेड ग्राउंड में आयोजित किया गया।

सम्राट चौधरी ने समारोह का वीडियो अपने एक्स हैंडल पर साझा करते हुए लिखा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की उपस्थिति में पश्चिम बंगाल में पहली बार भाजपा सरकार के गठन का वह ऐतिहासिक क्षण देखने पहुंचे हैं। उन्होंने इसे भारतीय जनता पार्टी की संगठन शक्ति, जनविश्वास और राष्ट्रवादी राजनीति की बड़ी उपलब्धि बताया।

उन्होंने अपने संदेश में कहा कि शपथ ग्रहण समारोह के दौरान विभिन्न राज्यों से आए मुख्यमंत्रियों, वरिष्ठ नेताओं और स्थानीय कार्यकर्ताओं से आत्मीय मुलाकात हुई।

सम्राट चौधरी ने कहा कि “गंगोत्री से गंगासागर तक भाजपा की अविराम यात्रा” जनसमर्थन और राजनीतिक विस्तार का प्रतीक बन चुकी है।

उन्होंने आगे कहा कि पश्चिम बंगाल में भाजपा सरकार का गठन राज्य की राजनीति में एक नए अध्याय की शुरुआत है और मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी का शपथ ग्रहण समारोह ऐतिहासिक एवं स्मरणीय क्षण रहेगा।

कोलकाता में आयोजित इस कार्यक्रम में भाजपा के कई वरिष्ठ नेता, विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्री, पार्टी पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे। समारोह को लेकर पश्चिम बंगाल की राजनीति में खासा उत्साह देखा गया।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद चौधरी

Share this story