जदयू कोटे के मंत्री, प्रदेश अध्यक्ष, विधायकों एवं विधान पार्षदों ने मुख्यमंत्री राहत कोष में दिया एक माह का वेतन
संकट की घड़ी में बाढ़ पीड़ित परिवारों के साथ मजबूती से खड़ी है जदयू: उमेश सिंह कुशवाहा
पटना, 21 सितंबर (हि.स.)। बिहार में बाढ़ की गंभीर स्थिति को देखते हुए बाढ़ प्रभावित परिवारों को राहत एवं सहायता पहुंचाने के उद्देश्य से मौजूदा एनडीए सरकार में जनता दल यूनाईटेड (जदयू) कोटे के मंत्री, पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष, विधायकों एवं विधान पार्षदों ने महत्वपूर्ण पहल की है। जदयू नेताओं ने अपने एक माह के वेतन की राशि का चेक मुख्यमंत्री राहत कोष में अंशदान के रूप में साेमवार काे मुख्यमंत्री सम्राट चाैधरी को सौंपा।
इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री विजय कुमार चाैधरी, उप मुख्यमंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव, जदयू के प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा, मंत्री श्रवण कुमार, विधान परिषद में पार्टी के मुख्य सचेतक संजय कुमार सिंह ‘गांधी’, पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव सह विधायक श्याम रजक, विधायक ललित नारायण मंडल, मंजीत कुमार सिंह, विधान पार्षद नीरज कुमार, विधायक पप्पू कुमार वर्मा, अरुण मांझी ने सहायता राशि का चेक मुख्यमंत्री सम्राट चाैधरी को सौंपा।
मुख्यमंत्री काे चेक साैंपने के बाद प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने कहा कि बाढ़़ की विभीषिका से प्रभावित लोगों के साथ पार्टी पूरी मजबूती से खड़ी है। उन्होंने पार्टी के सभी विधायक एवं विधान पार्षदों से अपने एक-एक माह का वेतन मुख्यमंत्री राहत कोष में अंशदान करने की अपील की है।
उमेश कुशवाहा ने कहा कि राज्य सरकार बाढ़ पीड़ितों को हरसंभव राहत एवं सहायता उपलब्ध कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। प्रभावित क्षेत्रों में राहत कार्यों को प्रभावी ढंग से संचालित करने तथा जरूरतमंद परिवारों तक आवश्यक सहायता पहुंचाने के लिए सरकार लगातार कार्य कर रही है।
उन्होंने कहा कि जदयू विधानमंडल के कुल 14 सदस्यों द्वारा एक माह के वेतन का अंशदान किया गया है। पार्टी के अन्य विधायक एवं विधान पार्षद भी जल्द ही अपने एक-एक माह के वेतन की राशि मुख्यमंत्री राहत कोष में अंशदान करेंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / चंदा कुमारी

