बिलौटी मुठभेड़ मामले की न्यायिक जांच के फैसले का भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने किया स्वागत
पटना, 20 जून (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने भोजपुर जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र के बिलौटी गांव में 17 जून को हुई पुलिस मुठभेड़ मामले की स्वतंत्र एवं निष्पक्ष जांच के लिए सेवानिवृत्त उच्च न्यायालय के न्यायाधीश से न्यायिक जांच कराने के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के निर्णय का स्वागत किया है।
शनिवार को जारी बयान में सरावगी ने कहा कि बिहार की राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की सरकार कानून के शासन, पारदर्शिता, जवाबदेही और न्याय के सिद्धांतों के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है। किसी भी संवेदनशील घटना में सच्चाई सामने लाना और जनता का विश्वास बनाए रखना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। इसी उद्देश्य से मुख्यमंत्री ने मामले की न्यायिक जांच कराने का निर्णय लिया है।
उन्होंने कहा कि सरकार ने स्पष्ट कर दिया है कि घटना से जुड़े सभी तथ्यों और परिस्थितियों की निष्पक्ष एवं पारदर्शी जांच की जाएगी। जांच प्रक्रिया के दौरान किसी भी स्तर पर तथ्यों को छिपाने का प्रयास नहीं होने दिया जाएगा। न्यायिक जांच के माध्यम से मामले के सभी पहलुओं का वस्तुनिष्ठ मूल्यांकन किया जाएगा और सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि विपक्ष तथ्यों के पूरी तरह सामने आने से पहले ही भ्रम की स्थिति पैदा कर राजनीतिक लाभ लेने का प्रयास कर रहा है। उन्होंने कहा कि राजग सरकार ने शुरुआत से ही मामले में पारदर्शिता और निष्पक्षता का परिचय दिया है। न्यायिक जांच का निर्णय इस बात का प्रमाण है कि सरकार किसी भी मामले में पूर्वाग्रह से नहीं, बल्कि कानून और संविधान की भावना के अनुरूप कार्य करती है।
सरावगी ने कहा कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में राज्य में सुशासन, कानून-व्यवस्था और जनविश्वास को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। उनका मानना है कि सरकार का यह कदम न केवल घटना की सच्चाई सामने लाने में सहायक होगा, बल्कि न्याय व्यवस्था के प्रति आम लोगों के विश्वास को भी और मजबूत करेगा।
उन्होंने विश्वास जताया कि न्यायिक जांच पूरी निष्पक्षता और पारदर्शिता के साथ संपन्न होगी तथा उसकी रिपोर्ट के आधार पर उचित निर्णय लिए जाएंगे। साथ ही उन्होंने कहा कि भाजपा जनता को आश्वस्त करती है कि कानून से ऊपर कोई नहीं है और सरकार न्याय सुनिश्चित करने के लिए पूरी दृढ़ता के साथ कार्य कर रही है।-------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुरभित दत्त

