भाजपा द्वारा पटना समेत राज्य के विभिन्न जिलों में दो दिवसीय प्रशिक्षण वर्ग का हुआ शुभारंभ

WhatsApp Channel Join Now
भाजपा द्वारा पटना समेत राज्य के विभिन्न जिलों में दो दिवसीय प्रशिक्षण वर्ग का हुआ शुभारंभ


पटना, 09 मई (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी बिहार प्रदेश द्वारा आयोजित जिला स्तरीय प्रशिक्षण वर्ग अभियान के अंतर्गत शनिवार को राज्य के विभिन्न जिलों में दो दिवसीय प्रशिक्षण वर्ग का शुभारंभ हुआ। यह प्रशिक्षण अभियान पूरे बिहार में आगामी 31 मई तक संचालित होगा, जिसमें पार्टी के कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों को वैचारिक, संगठनात्मक एवं व्यवहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है।

बेगूसराय जिला प्रशिक्षण वर्ग का उद्घघाटन केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह एवं भाजपा बिहार प्रदेश के महामंत्री संगठन भीखु भाई दलसनिया ने संयुक्त रूप से किया। वहीं बांका जिला प्रशिक्षण वर्ग का उद्घाटन बिहार सरकार के पथ निर्माण मंत्री इंजीनियर शैलेन्द्र कुमार ने किया।

नवादा जिला प्रशिक्षण वर्ग का उद्घघाटन बिहार सरकार के मंत्री प्रमोद कुमार चंद्रवंशी एवं स्थानीय सांसद विवेक ठाकुर ने संयुक्त रूप से किया। मुजफ्फरपुर जिला प्रशिक्षण वर्ग का उद्घाटन बिहार सरकार के मंत्री श्री केदार गुप्ता एवं भाजपा बिहार प्रदेश प्रशिक्षण प्रभारी व अध्यक्ष बिहार संस्कृत शिक्षा बोर्ड मृत्युंजय झा ने संयुक्त रूप से किया।

इसी प्रकार पटना ग्रामीण जिला प्रशिक्षण वर्ग का उद्घाटन बिहार सरकार के मंत्री एवं पूर्व उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा तथा बिहार सरकार के मंत्री रामकृपाल यादव ने संयुक्त रूप से किया।

इन प्रशिक्षण वर्गों में संबंधित जिलों के जिला पदाधिकारी, जिला कार्यसमिति सदस्य, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य, मंडल अध्यक्ष, मोर्चा अध्यक्ष, प्रदेश पदाधिकारी, वरिष्ठ नेता, सांसद, विधायक एवं विधान परिषद सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

भारतीय जनता पार्टी अपने संगठनात्मक वैशिष्ट्य के कारण समय-समय पर विशेष प्रशिक्षण अभियान संचालित करती है। इस प्रशिक्षण में वैचारिक दृष्टिकोण, संगठन की कार्यपद्धति को व्यवहारिक रूप में आत्मसात कराना तथा पार्टी की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने हेतु कार्यकर्ताओं को सक्षम बनाना है।

प्रशिक्षण वर्ग में कार्यकर्ताओं को भारतीय जनता पार्टी के इतिहास, सांस्कृतिक राष्ट्रवाद, संगठनात्मक संरचना, सेवा कार्य, बूथ सशक्तिकरण, सामाजिक समरसता तथा केंद्र एवं बिहार सरकार की उपलब्धियों को जनसामान्य तक पहुंचाने के विषय में विस्तृत जानकारी दी जा रही है।

कार्यकर्ताओं को यह भी बताया जा रहा है कि भारतीय जनता पार्टी केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण का एक वैचारिक आंदोलन है। “भारत माता की जय” के मूल भाव, राष्ट्र प्रथम की भावना तथा अंत्योदय के संकल्प को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का कार्य भाजपा कार्यकर्ता निरंतर करते रहे हैं।

दो दिन एवं एक रात्रि तक चलने वाले इन प्रशिक्षण वर्गों में विभिन्न विषयों पर वरिष्ठ नेताओं एवं प्रशिक्षकों द्वारा मार्गदर्शन दिया जा रहा है। बिहार प्रदेश में चल रहा यह व्यापक प्रशिक्षण अभियान संगठन को और अधिक मजबूत एवं कार्यकर्ता आधारित बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुरभित दत्त

Share this story