गंगोत्री से लेकर गंगासागर तक भाजपा का परचम लहरायेगा: रूंगटा
पटना, 30 अप्रैल (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता सुरेश रूंगटा ने कहा कि बंगाल विधान सभा चुनाव में हुई भारी वोटिंग और अधिकांश एग्जिट पोल के अनुमानों ने बंगाल में भाजपा को निर्णायक बढ़त एवं सत्ता परिवर्तन का संदेश दिया है। किसी भी प्रांत में भाजपा को बहुमत पार्टी के कार्यों के आधार पर ही मिलता रहा है। बंगाल में भी भाजपा के प्रति लोगों में जो रुझान बढ़ा है, उसमें महिलाओं का विशेष योगदान है।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2015 में महिलाओं के रोजगार की दर 15 प्रतिशत थी, जो 2025 में बढ़कर 40 प्रतिशत हो गई है। यह आंकड़ा मोदी सरकार द्वारा महिलाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध करवाने का सुपरिणाम है। 2015 में महिलाओं की बेरोजगारी दर 6 प्रतिशत से भी अधिक थी, जो 2025 में घटकर आधी यानी 3 प्रतिशत हो गई है। इससे यह पता चलता है कि जो महिलाएं काम (नौकरी) करने की योग्यता और इच्छा रखती हैं, उन्हें अब पूर्व की सरकारों के कार्यकाल से ज्यादा कामयाबी मिल रही है।
उन्होंने कहा कि महिलाओं के प्रति मोदी सरकार की प्राथमिकताओं से प्रभावित होकर पश्चिम बंगाल की महिलाओं ने भी खुलकर भाजपा के पक्ष में मतदान किया है। जिसका नतीजा यह होगा कि अब गंगोत्री से लेकर गंगासागर तक भाजपा का परचम लहरायेगा।
राज्य की जनता ने नकारात्मक राजनीति को नकार कर विकास, सुशासन एवं डबल इंजन की सरकार पर मुहर लगाने का काम किया है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की दूरदर्शी नीतियां एवं केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह जीकी कुशल रणनीति ने ममता का खेल खत्म कर दिया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुरभित दत्त

