भाजपा ओबीसी मोर्चा ने पटना में चलाया स्वच्छता अभियान, तालाब व मंदिर परिसर की हुई सफाई
पटना, 14 जून (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ओबीसी मोर्चा की ओर से बिहार के सभी जिलों में स्वच्छता अभियान चलाया गया। इसी क्रम में पटना में ओबीसी मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष प्रमोद सिंह चंद्रवंशी के नेतृत्व में चितकोहरा कच्ची तालाब परिसर एवं अदालतगंज क्षेत्र में व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया गया। इस दौरान तालाब, मंदिर और आसपास के क्षेत्रों की साफ-सफाई की गई।
अभियान के दौरान कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने मिलकर क्षेत्र की सफाई की तथा सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ बनाए रखने का संदेश दिया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ताओं और नागरिकों ने हिस्सा लिया।
इस अवसर पर उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि स्वच्छता केवल किसी एक संगठन या पार्टी की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि यह समाज के प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व है। उन्होंने कहा कि सभी लोगों को अपने घर, मोहल्ले, धार्मिक स्थलों और सार्वजनिक स्थानों को स्वच्छ रखने के साथ-साथ दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करना चाहिए।
प्रमोद चंद्रवंशी ने आगे कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा वर्ष 2014 में शुरू किया गया स्वच्छता अभियान आज जन-आंदोलन का रूप ले चुका है। इसके तहत देशभर में लोगों की सक्रिय भागीदारी लगातार बढ़ रही है और स्वच्छ भारत का संकल्प मजबूत हो रहा है।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने यह संकल्प भी लिया कि वे न केवल अपने आसपास के वातावरण को स्वच्छ रखेंगे, बल्कि अपने विचारों और व्यवहार में भी स्वच्छता और सकारात्मकता बनाए रखने का प्रयास करेंगे।
इस अवसर पर रमन चंद्रवंशी, संजय गुप्ता, बिरेंद्र चंद्रवंशी, संतोष पटेल, मुकेश पटेल, अभिषेक यादव, संजय निषाद, प्रदीप निषाद, वार्ड पार्षद जय प्रकाश यादव, मंडल अध्यक्ष लवकुश कुमार, सोनी देवी सहित कई पदाधिकारी और सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / सुरभित दत्त

