हिमंता बिस्वा सरमा को फिर से असम के मुख्यमंत्री बनने पर संजय सरावगी ने दी बधाई
पटना, 12 मई (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी, बिहार अध्यक्ष संजय सरावगी ने हिमंता बिस्वा सरमा को फिर से असम के मुख्यमंत्री बनने पर बधाई एवं शुभकामनाएँ दी हैं। उन्होंने विश्वास जताते हुए कहा कि पीएम मोदी के मार्गदर्शन और हिमंता बिस्वा सरमा के नेतृत्व में असम में विकास और परिवर्तनकारी प्रगति के नए अध्याय की शुरुआत होगी।
बिहार भाजपा अध्यक्ष संजय सरावगी ने आज के दिन को खुशी का दिन बताते हुए कहा, पीएम मोदी के प्रेरणादायी मार्गदर्शन तथा हिमंता बिस्वा सरमा के सशक्त नेतृत्व में असम प्रगति, सुशासन, सांस्कृतिक समृद्धि और जनसेवा के क्षेत्र में निरंतर नए आयाम स्थापित करे, यही कामना है।
उन्होंने हिमंता बिस्वा सरमा के सफल कार्यकाल के लिए मंगलकामना की।
उन्होंने कहा कि हिमंता बिस्वा सरमा ने लगातार दूसरी बार असम के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। इसके साथ ही वह असम में लगातार दो कार्यकाल तक मुख्यमंत्री बनने वाले पहले गैर-कांग्रेसी नेता बन गए, जो भाजपा की बढ़ती लोकप्रियता और प्रभाव का परिचायक है और प्रधानमंत्री मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में उनके गहरे विश्वास को दर्शाता है।
असम की जनता ने लगातार तीसरी बार एनडीए की सरकार चुनकर यह स्पष्ट कर दिया कि प्रदेश विकास, शांति और समृद्धि के पथ पर दृढ़ता से अग्रसर है।
उन्होंने विश्वास जताते हुए कहा कि मुझे पूरा विश्वास है कि यह जनादेश तेज़ विकास और प्रभावी सुशासन में तब्दील होगा। मुख्यमंत्री के तौर पर हिमंता बिस्वा सरमा का नया कार्यकाल निश्चित रूप से असम को नई ऊंचाइयों पर ले जाएगा.
उन्होंने कहा कि यह तीसरी बार है, जब प्रदेश में एनडीए की सरकार बनी है। पिछले पांच साल में राज्य में विकास के कई काम हुए हैं, जिसकी वजह से जनता ने एक बार फिर भारी बहुमत से सरकार को समर्थन दिया है।
उन्होंने दावे के साथ कहा कि जहां एनडीए का शासन रहता है, वहां अच्छा काम होता है, इसीलिए बार-बार हमारी सरकार बनती है।
बिहार भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने हिमंता बिस्वा सरमा मंत्रिमंडल में शामिल नए मंत्रियों को भी बधाई और शुभकामनाएँ दी हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुरभित दत्त

