दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर, तीन युवक गंभीर रूप से घायल

WhatsApp Channel Join Now
दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर, तीन युवक गंभीर रूप से घायल


बेतिया, 20 जून (हि.स.)। लौरिया-नरकटियागंज मुख्य मार्ग पर शनिवार को गोबरौरा मोड़ के समीप दो बाइकों की आमने-सामने हुई जोरदार टक्कर में तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की सूचना पर डायल-112 और एंबुलेंस मौके पर पहुंची तथा घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, लौरिया पहुंचाया गया।

जानकारी के अनुसार डड़रौल गांव निवासी अली अख्तर अपने ममेरे जीजा को बस पकड़वाने लौरिया बस स्टैंड आए थे। वापस लौटने के दौरान गोबरौरा मोड़ के पास उनकी बुलेट बाइक की टक्कर सामने से आ रही एसपी होंडा शाइन बाइक से हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बाइकें क्षतिग्रस्त हो गईं और तीनों सवार सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।

घायलों की पहचान अली अख्तर, मिलन कुमार पांडेय और आकाश पाठक के रूप में हुई है। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने तीनों को बेहतर इलाज के लिए जीएमसीएच बेतिया रेफर कर दिया।

लौरिया थानाध्यक्ष ने बताया कि सड़क दुर्घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची थी। घायलों को तत्काल अस्पताल भेजा गया। दुर्घटना के कारणों की जानकारी जुटाई जा रही है तथा वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने की अपील की गई है।

हिन्दुस्थान समाचार / अमानुल हक

Share this story