बांकीपुर को सलाहकार नहीं, सेवादार की जरूरत है : ऋतुराज सिन्हा

WhatsApp Channel Join Now
बांकीपुर को सलाहकार नहीं, सेवादार की जरूरत है : ऋतुराज सिन्हा


पटना, 23 जुलाई (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय मंत्री ऋतुराज सिन्हा ने बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के प्रचार के दौरान करबिगहिया और चांदपुर बेला में गुरुवार काे आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि यह चुनाव किसी राजनीतिक प्रयोग या किसी व्यक्ति की महत्वाकांक्षा का नहीं, बल्कि बांकीपुर के विकास और जनता के विश्वास का चुनाव है।

बांकीपुर उपचुनाव में जनसुराज के उम्मीदवार प्रशांत किशाेर पर कटाक्ष करते हुए उन्होंने कहा कि प्रशांत किशोर वर्षों तक दूसरों को चुनाव जिताने की रणनीति बनाते रहे, लेकिन अब बांकीपुर को अपनी राजनीतिक प्रयोगशाला बनाने की कोशिश कर रहे हैं। बांकीपुर की जनता किसी सलाहकार के प्रयोग का हिस्सा नहीं बनेगी।

भाजपा के राष्ट्रीय मंत्री सिन्हा ने कहा, बांकीपुर को सलाहकार नहीं, सेवादार की जरूरत है। जनता ऐसे प्रतिनिधि को चुनेगी जो चुनाव के समय नहीं, बल्कि हर दिन जनता के बीच रहे, उनके सुख-दुख में सहभागी बने और विकास के लिए जवाबदेही के साथ काम करे। उन्होंने कहा कि रणनीतिकार चुनाव की गणित समझता है, लेकिन सेवादार जनता का विश्वास जीतता है। बांकीपुर की जागरूक जनता इस फर्क को अच्छी तरह समझती है और राजनीतिक नैरेटिव नहीं, बल्कि सेवा और कार्य के आधार पर अपना निर्णय करेगी।

उन्हाेंने कहा कि भाजपा की राजनीति सेवा, सुशासन और विकास पर आधारित है। उन्हें विश्वास है कि बांकीपुर की जनता अवसरवादी राजनीति को नकारते हुए सेवा और समर्पण की राजनीति का समर्थन करेगी।

जनता को सलाह देने वाले बहुत मिल जाएंगे, लेकिन जनता के बीच रहकर सेवा करने वाले ही उसका विश्वास जीतते हैं। इसलिए बांकीपुर को सलाहकार नहीं, सेवादार की जरूरत है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / चंदा कुमारी

Share this story