राज्य में घरेलू गैस सिलेंडरों की पर्याप्त उपलब्धता, अफवाहों से बचें: लेशी सिंह

WhatsApp Channel Join Now
राज्य में घरेलू गैस सिलेंडरों की पर्याप्त उपलब्धता, अफवाहों से बचें: लेशी सिंह


-मंत्री लेशी सिंह ने कंट्रोल रूम का किया निरीक्षण

पटना, 17 मार्च (हि.स.)। बिहार सरकार में जदयू कोटे की खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री लेशी सिंह ने मंगलवार को विभाग में स्थापित राज्य स्तरीय नियंत्रण कक्ष का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्पष्ट कहा कि राज्य में घरेलू गैस सिलेंडरों की पर्याप्त उपलब्धता है और किसी प्रकार की कोई कमी नहीं है।

मंत्री ने आम लोगों से अपील करते हुए कहा कि भ्रामक और अपुष्ट खबरों पर ध्यान न दें। किसी भी समस्या की स्थिति में उपभोक्ता सीधे विभाग द्वारा स्थापित नियंत्रण कक्ष या जिला स्तर के नियंत्रण कक्षों से संपर्क कर सकते हैं।

उन्होंने बताया कि उपभोक्ताओं की सुविधा और शिकायतों के त्वरित निवारण के लिए राज्य स्तरीय कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। इसका दूरभाष नंबर 0612-2233050 है, जो प्रतिदिन सुबह 7:00 बजे से रात 9:00 बजे तक कार्यरत रहेगा।

मंत्री ने यह भी जानकारी दी कि इस नंबर पर अब पांच हंटिंग लाइन की सुविधा शुरू कर दी गई है, जिससे अधिक संख्या में आने वाली कॉल का तेजी से समाधान किया जा सकेगा।

इसके अलावा राज्य के सभी जिलों में भी जिला स्तरीय नियंत्रण कक्ष स्थापित किए गए हैं, जहां उपभोक्ता अपनी एलपीजी से संबंधित समस्याएं दर्ज करा सकते हैं। इन नंबरों का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जा रहा है, ताकि अधिक से अधिक लोग इसका लाभ उठा सकें।--------------

हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद चौधरी

Share this story