पटना में 30 अक्टूबर को अभाविप की जनसभा और विरोध प्रदर्शन, डीयू छात्र संघ अध्यक्ष यश डबास होंगे शामिल

WhatsApp Channel Join Now
पटना में 30 अक्टूबर को अभाविप की जनसभा और विरोध प्रदर्शन, डीयू छात्र संघ अध्यक्ष यश डबास होंगे शामिल


पटना, 27 अक्टूबर (हि.स.)। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) की बिहार इकाई 30 अक्टूबर को पटना में ‘लोकतंत्र बचाओ–अराजकता रोको’ के आह्वान पर जनसभा और विरोध प्रदर्शन आयोजित करेगी। संगठन के अनुसार, कार्यक्रम का उद्देश्य लोकतांत्रिक मूल्यों और संवैधानिक संस्थाओं की गरिमा के संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। इस दौरान गांधी मैदान से इनकम टैक्स चौराहा तक विरोध मार्च निकाला जाएगा, जिसमें दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ के अध्यक्ष यश डबास भी शामिल होंगे।

अभाविप के प्रदेश मंत्री सुमित कुमार सिंह ने मंगलवार को पत्रकार वार्ता में कार्यक्रम की जानकारी देते हुए कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए संवैधानिक संस्थाओं की स्वतंत्रता, गरिमा और लोकतांत्रिक मर्यादाओं का सम्मान आवश्यक है। उन्होंने कहा कि असहमति और विरोध लोकतांत्रिक व्यवस्था का हिस्सा हैं, लेकिन इन्हें संवैधानिक दायरे में रहकर व्यक्त किया जाना चाहिए।

सुमित कुमार सिंह ने कहा कि लोकतंत्र केवल शासन संचालन की व्यवस्था नहीं, बल्कि नागरिक अधिकारों और संवैधानिक संस्थाओं के प्रति सम्मान का आधार भी है। उनका कहना था कि लोकतांत्रिक मूल्यों और संस्थाओं की गरिमा पर आघात होने की स्थिति में युवाओं को जागरूक होकर लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज उठानी चाहिए।

उन्होंने बताया कि 30 अक्टूबर की जनसभा और विरोध प्रदर्शन में छात्र-युवा भागीदारी पर विशेष जोर रहेगा। दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ के अध्यक्ष यश डबास की उपस्थिति को उन्होंने इस दृष्टि से महत्वपूर्ण बताया।

अभाविप की बिहार इकाई के अनुसार, कार्यक्रम के माध्यम से संवैधानिक संस्थाओं के सम्मान, लोकतांत्रिक मर्यादाओं के पालन और नागरिक जागरूकता का संदेश दिया जाएगा। संगठन ने कहा कि वह युवाओं की भागीदारी से इन मुद्दों पर जनजागरण का प्रयास करेगा।

पत्रकार वार्ता में अभाविप के प्रदेश मंत्री सुमित कुमार सिंह, केंद्रीय कार्यसमिति सदस्य समीक्षा यदुवंशी, केंद्रीय मीडिया टोली के सदस्य सह क्षेत्रीय मीडिया संयोजक रविकरण कुमार, पटना विश्वविद्यालय छात्र संघ के संयुक्त सचिव अभिषेक शर्मा और प्रदेश कार्यसमिति सदस्य शगुन सृजन उपस्थित रहीं।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद चौधरी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

767707 Articles

Share this story