बिहार सरकार ने 11 आईएएस अधिकारियों को उच्च स्तरीय प्रशिक्षण के लिए भेजने का लिया निर्णय

WhatsApp Channel Join Now
बिहार सरकार ने 11 आईएएस अधिकारियों को उच्च स्तरीय प्रशिक्षण के लिए भेजने का लिया निर्णय


पटना, 29 अप्रैल (हि.स.)। बिहार की मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की अगुवाई वाली राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार ने भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के 11 अधिकारियों को उच्च स्तरीय प्रशिक्षण के लिए भेजने का निर्णय लिया है। इनमें दो जिलों के जिलाधिकारी भी शामिल हैं। प्रशिक्षण के लिए चयनित सभी अधिकारी वर्ष 2015, 2016 और 2017 बैच के आईएएस अफसर हैं।

सामान्य प्रशासन विभाग की ओर से बुधवार को जारी आदेश के अनुसार, ये सभी अधिकारी 11 मई 2026 से 5 जून 2026 तक मसूरी स्थित लाल बहादुर शास्त्री राष्ट्रीय प्रशासनिक अकादमी में आयोजित मिड-करियर ट्रेनिंग प्रोग्राम फेज-III में हिस्सा लेंगे।

सरकार ने इन अधिकारियों को प्रशिक्षण में भेजने की अनुमति दे दी है और सामान्य प्रशासन विभाग की ओर से सभी 11 आईएएस अधिकारियों को पत्र भी भेज दिया गया है।

प्रशिक्षण के लिए चयनित अधिकारी

प्रशीक्षण के लिए चयनित अधिकारियों में भवन निर्माण विभाग के अपर सचिव विनय कुमार, सहकारिता विभाग के अपर सचिव अभय कुमार सिंह, तकनीकी सेवा आयोग में अपर सचिव अमित कुमार, सामान्य प्रशासन विभाग में प्रशासनिक पदाधिकारी राशिद कलीम अंसारी, शिक्षा विभाग के अपर सचिव विजय कुमार तथा मुख्यमंत्री सचिवालय में अपर सचिव राजेश परिमल शामिल हैं।

इसके अलावा सीतामढ़ी की जिलाधिकारी रिची पांडेय, पूर्णिया के जिलाधिकारी अंशुल कुमार, स्वास्थ्य विभाग में अपर सचिव वैभव चौधरी, ग्रामीण कार्य विभाग में अपर सचिव संजय कुमार तथा ग्रामीण कार्य विभाग में अपर सचिव अभय झा भी इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में भाग लेंगे।

यह मिड-करियर ट्रेनिंग प्रोग्राम प्रशासनिक अधिकारियों की कार्यकुशलता, नेतृत्व क्षमता और नीति निर्माण संबंधी समझ को और अधिक मजबूत करने के उद्देश्य से आयोजित किया जाता है।--------------

हिन्दुस्थान समाचार / चंदा कुमारी

Share this story