राज्यस्तरीय विद्यालय बालक बॉक्सिंग प्रतियोगिता संपन्न: पदक विजेताओं का हुआ सम्मान

WhatsApp Channel Join Now
राज्यस्तरीय विद्यालय बालक बॉक्सिंग प्रतियोगिता संपन्न: पदक विजेताओं का हुआ सम्मान


कटिहार, 15 अक्टूबर (हि.स.)। खेल भवन, कटिहार में आयोजित तीन दिवसीय राज्यस्तरीय विद्यालय बालक बॉक्सिंग प्रतियोगिता (अंडर-14, अंडर-17 एवं अंडर-19) का गुरुवार को भव्य समापन हो गया। अपराह्न तीन बजे आयोजित समापन सह पुरस्कार वितरण समारोह में विभिन्न आयु वर्गों के स्वर्ण, रजत एवं कांस्य पदक विजेता खिलाड़ियों को मेडल और प्रमाणपत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। 13 अक्टूबर से शुरू हुई इस प्रतियोगिता में राज्य भर से जुटे स्कूली मुक्केबाजों ने रिंग में अपनी खेल प्रतिभा और अनुशासन का शानदार प्रदर्शन किया।

समारोह में मुख्य रूप से उपस्थित अपर समाहर्ता, कटिहार तथा अपर समाहर्ता (आपदा प्रबंधन) ने संयुक्त रूप से सभी पदक विजेताओं को पुरस्कृत किया। अधिकारियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए खेल भावना और निरंतर कड़े अभ्यास के महत्व पर बल दिया। इसके साथ ही प्रतियोगिता के निष्पक्ष चयन और तकनीकी संचालन में अहम भूमिका निभाने वाले बिहार राज्य खेल प्राधिकरण, पटना द्वारा प्रतिनियुक्त 12 तकनीकी पदाधिकारियों को भी जिला खेल पदाधिकारी मेराज जमील द्वारा सम्मानित किया गया।

जिला खेल पदाधिकारी मेराज जमील ने आयोजन की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि कटिहार को इस राज्यस्तरीय अंतरप्रमंडलीय प्रतियोगिता की मेजबानी मिलना गौरव का विषय है। उन्होंने आयोजन को सफल बनाने में जिला प्रशासन के अधिकारियों, शारीरिक शिक्षा शिक्षकों, शारीरिक-सह-स्वास्थ्य अनुदेशकों, सहायक शिक्षकों, कार्यालय कर्मियों और 'माई भारत' के युवा स्वयंसेवकों (यूथ वॉलंटियर्स) के समर्पण व सहयोग के प्रति आभार जताया।

तीन दिनों तक चले इस आयोजन ने बिहार की उदीयमान खेल प्रतिभाओं को अपनी क्षमता प्रदर्शित करने और खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने का एक सशक्त मंच प्रदान किया।

हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

761624 Articles

Share this story