सरयू नदी के तेज प्रवाह से नए विद्युत शवदाह गृह को बचाने के लिए होगी बोल्डर पिचिंग: जिलाधिकारी
सारण, 18 अगस्त (हि.स.)। जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने मंगलवार को रिविलगंज नगर पंचायत के सेमरिया स्थित पुराने व नए शवदाह गृह मोक्षधाम का औचक स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्थल पर उपलब्ध सुविधाओं, पहुंच पथ, शौचालय तथा सरयू नदी के तेज प्रवाह से होने वाले कटाव की स्थिति का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान श्रद्धालुओं और आमजनों की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए जिलाधिकारी ने रिविलगंज नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी को पुराने शवदाह गृह की अविलंब पूर्ण मरम्मति कराकर उसे पुनः संचालित करने का कड़ा निर्देश दिया।
इसके साथ ही घाट परिसर के सभी शौचालयों की मरम्मति कर उन्हें सुचारू बनाने तथा आवागमन को सुगम करने हेतु दोनों शवदाह गृहों के पहुंच पथ पर पेवर ब्लॉक बिछाने का निर्देश दिया। सरयू नदी के तेज बहाव को देखते हुए नए विद्युत शवदाह गृह भवन की सुरक्षा पर विशेष बल दिया गया।
जिलाधिकारी ने बुडको के परियोजना निदेशक को नदी की ओर वाले हिस्से में तुरंत बोल्डर पिचिंग कराने का निर्देश दिया, ताकि संभावित कटाव से भवन को सुरक्षित रखा जा सके। वहीं, बाढ़ नियंत्रण प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता को आपात स्थिति से निपटने के लिए पर्याप्त कटाव निरोधी सामग्री तैयार रखने को कहा।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा किया जाए और अधिकारी स्थल की निरंतर निगरानी सुनिश्चित करें।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार

