सीमावर्ती इलाकों के सीएसपी केंद्रों पर प्रशासन की सख्ती, जांच अभियान से मचा हड़कंप

WhatsApp Channel Join Now
सीमावर्ती इलाकों के सीएसपी केंद्रों पर प्रशासन की सख्ती, जांच अभियान से मचा हड़कंप


सुपौल, 21 जुलाई (हि.स.)। वीरपुर अनुमंडल के विभिन्न थाना क्षेत्रों में सोमवार को ग्राहक सेवा केंद्रों (सीएसपी) पर विशेष जांच अभियान चलाया गया। प्रशासन और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम ने केंद्रों का निरीक्षण कर बैंकिंग कार्यों, अभिलेखों और ग्राहकों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की विस्तार से जांच की।

अभियान का उद्देश्य बैंकिंग सेवाओं में पारदर्शिता बनाए रखना और किसी भी प्रकार की अनियमितता पर अंकुश लगाना रहा।निरीक्षण के दौरान एसडीएम विनय कुमार ने सीएसपी संचालकों को स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी बैंकिंग कार्य निर्धारित नियमों के अनुरूप किए जाएं।

उन्होंने कहा कि ग्राहकों से केवल स्वीकृत शुल्क ही लिया जाए तथा किसी भी तरह की अतिरिक्त वसूली या धोखाधड़ी की शिकायत मिलने पर संबंधित संचालक के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।प्रशासन ने संचालकों को लेन-देन से जुड़े सभी अभिलेख अद्यतन रखने और प्रत्येक बैंकिंग प्रक्रिया में पूरी पारदर्शिता बरतने की भी हिदायत दी। जांच अभियान के दौरान कई केंद्रों पर दस्तावेजों और संचालन व्यवस्था का भी सत्यापन किया गया।

एसडीएम ने बताया कि सीमावर्ती क्षेत्रों में संचालित अवैध सीएसपी केंद्रों और बिना अनुमति रुपये के लेन-देन का कारोबार करने वाले ठिकानों की पहचान की जा रही है। ऐसे मामलों में नियमों के तहत कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि लोगों को सुरक्षित, पारदर्शी और भरोसेमंद बैंकिंग सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए इस तरह का जांच अभियान आगे भी नियमित रूप से जारी रहेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

Share this story