वैज्ञानिक खेती और पेड़ लगाकर बढ़ाएं उत्पादन: श्रवण कुमार

WhatsApp Channel Join Now
वैज्ञानिक खेती और पेड़ लगाकर बढ़ाएं उत्पादन: श्रवण कुमार


नालंदा, 26 जून (हि.स.)। जिले में नूरसराय प्रखंड के ई-किसान भवन में शुक्रवार को खरीफ महाअभियान-2026 के तहत प्रखंड स्तरीय किसान प्रशिक्षण कार्यक्रम सह “खेत बचाओ अभियान” का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन बिहार सरकार के ग्रामीण विकास एवं सूचना एवं जनसंपर्क मंत्री श्रवण कुमार ने किया। इस अवसर पर उन्होंने किसानों से वैज्ञानिक तकनीक आधारित खेती अपनाने, जलवायु परिवर्तन के प्रभाव को समझने तथा अधिक से अधिक पेड़ लगाने की अपील की।

मंत्री ने कहा कि वर्तमान समय में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है। यह जलवायु परिवर्तन का परिणाम है, जिसका सीधा असर खेती और किसानों की आय पर पड़ रहा है। ऐसे समय में किसानों को परंपरागत खेती के साथ वैज्ञानिक तकनीक, उन्नत बीज और आधुनिक कृषि पद्धतियों को अपनाना होगा। इससे फसलों का उत्पादन बढ़ेगा और खेती अधिक लाभदायक बनेगी।

उन्होंने कहा कि किसान केवल धान और गेहूं जैसी पारंपरिक फसलों तक सीमित न रहें, बल्कि फलदार एवं इमारती पेड़ों का भी रोपण करें। इससे पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ किसानों की अतिरिक्त आय का स्रोत भी विकसित होगा। उन्होंने किसानों से मिट्टी की उर्वरता बनाए रखने के लिए रासायनिक उर्वरकों का संतुलित उपयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि अंधाधुंध खाद के प्रयोग से मिट्टी की गुणवत्ता लगातार प्रभावित हो रही है, जिससे भविष्य में उत्पादन पर प्रतिकूल असर पड़ सकता है।

मंत्री ने किसानों को आय बढ़ाने के लिए मधुमक्खी पालन, बतख पालन, मुर्गी पालन तथा अन्य कृषि आधारित सहायक व्यवसाय अपनाने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि बहुआयामी कृषि मॉडल अपनाने से किसान आत्मनिर्भर और आर्थिक रूप से अधिक मजबूत बन सकते हैं।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद कौशलेन्द्र कुमार ने कहा कि नालंदा के किसान मेहनती और कर्मठ हैं। यदि वे आधुनिक तकनीक और वैज्ञानिक सलाह के अनुसार खेती करेंगे तो उत्पादन में उल्लेखनीय वृद्धि होगी।

उन्होंने कहा कि सरकार मोटे अनाज (श्री अन्न) की खेती को बढ़ावा दे रही है, क्योंकि इसकी देश और विदेश दोनों बाजारों में अच्छी मांग है तथा किसानों को बेहतर मूल्य भी मिलता है।इस अवसर पर कृषि वैज्ञानिकों ने खरीफ फसलों की उन्नत किस्मों, मौसम के अनुसार खेती, रोग एवं कीट प्रबंधन तथा आधुनिक कृषि तकनीकों की विस्तृत जानकारी किसानों को दी। किसानों की विभिन्न जिज्ञासाओं का समाधान भी विशेषज्ञों द्वारा किया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / प्रमोद पांडे

Share this story