मंदिर की जमीन पर कब्जे को लेकर हंगामा ,अंचल अधिकारी ने लगाई निर्माण पर रोक

WhatsApp Channel Join Now
मंदिर की जमीन पर कब्जे को लेकर हंगामा ,अंचल अधिकारी ने लगाई निर्माण पर रोक


नवादा, 01 नवंबर (हि.स.)।नवादा के गोनावां मोती बिगहा सूर्य मंदिर के समीप स्थित छठ घाट की जमीन पर कथित अवैध कब्जे का मामला सामने आया है. इस मामले को लेकर रविवार को दर्जनों ग्रामीण सदर अंचल गरिमा गीतिका से मिलकर जमीन पर हो रहे निर्माण कार्य पर रोक लगाने को लेकर हंगामा की .ग्रामीणों ने जिला पदाधिकारी रवि प्रकाश को भी आवेदन देकर मामले में हस्तक्षेप करने और कार्रवाई की गुहार लगायी है.

आवेदन में आरोप लगाया गया है कि कुछ लोग जबरन बाउंड्रीवाल का निर्माण कर वर्षों से सार्वजनिक उपयोग में आ रही जमीन पर कब्जा करने का प्रयास कर रहे हैं. इस जमीन पर छठ महापर्व के दौरान मोती बिगहा, गौखर, लोहानी बिगहा, गोनावां, शिवनगर और जंगल बेलदारी समेत आसपास के गांवों के श्रद्धालु भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित करते हैं. यहां धार्मिक, सांस्कृतिक और सामाजिक कार्यक्रम भी आयोजित होते रहे हैं.

दोनों पक्षों की बात सुन सीओ ने लगायी रोक

ग्रामीणों ने सीओ के समक्ष अपनी शिकायत रखी. इस दौरान सीओ गरिमा गीतिका ने दोनों पक्षों की बात सुनी और मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल जांच का आदेश दिया. उन्होंने जांच पूरी होने तक निर्माण कार्य पर रोक लगा दी है.

सीओ ने बताया कि अगले दो दिनों तक जमीन से जुड़े सभी दस्तावेजों की बारीकी से जांच की जायेगी. कागजातों की वैधता सुनिश्चित होने के बाद ही आगे निर्माण कार्य शुरू करने की अनुमति दी जायेगी.ग्रामीणों ने आशंका जतायी है कि जमीन पर कब्जा होने से छठ पूजा समेत अन्य सार्वजनिक आयोजनों में परेशानी होगी. ग्रामीणों ने प्रशासन से जमीन की स्थिति स्पष्ट करने और सार्वजनिक उपयोग को सुरक्षित रखने की मांग की है. आवेदन की प्रतिलिपि एसपी, सदर एसडीओ और नगर थानाध्यक्ष को भी दी गयी है.

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजय कुमार सुमन

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

770550 Articles

Share this story