गंगा स्नान के दौरान दो युवक डूबे युवक का शव बरामद
भागलपुर, 11 मई (हि.स.)। जिले के अजगैविनाथ धाम स्थित नमामि गंगे घाट पर गंगा स्नान के दौरान दो युवकों की डूबने से मौत हो गई। सोमवार के अहले सुबह नगर परिषद सुल्तानगंज के नाविक शंकर महलदार द्वारा गंगा घाट में खोजबीन के दौरान दोनों युवकों के शव बरामद किए गए।
मृतकों की पहचान भागलपुर जिले के ताखीचक निवासी 22 वर्षीय विकास कुमार साह, पिता रवि कुमार शाह तथा कलबगंज क्षेत्र के 21 वर्षीय पीयूष कुमार वर्मा, पिता विकास कुमार वर्मा के रूप में हुई है।
घटना रविवार शाम करीब चार बजे की बताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस प्रशासन और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और देर रात तक दोनों युवकों की खोजबीन की गई। हालांकि अंधेरा और तेज धारा के कारण तत्काल सफलता नहीं मिल सकी।
उधर घटना की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। घाट पर मौजूद परिजन का रो-रोकर बुरा हाल देखा गया। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भागलपुर मायागंज अस्पताल भेज दिया है। वहीं पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

