अज्ञात युवती का शव बरामद, छानबीन में जुटी पुलिस

WhatsApp Channel Join Now
अज्ञात युवती का शव बरामद, छानबीन में जुटी पुलिस


अज्ञात युवती का शव बरामद, छानबीन में जुटी पुलिस


भागलपुर, 01 जून (हि.स.)। जिले के बाथ थाना क्षेत्र के कहरारिया पंचायत स्थित बड़हारा बहियार में सोमवार को एक अज्ञात युवती का शव बरामद होने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई।

पुलिस के प्रारंभिक जांच में धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस शव की पहचान और घटना के कारणों का पता लगाने में जुट गई है।

बताया जा रहा है कि आज सुबह स्थानीय ग्रामीण खेतों की ओर जा रहे थे। इसी दौरान उनकी नजर कलिया नदी किनारे झाड़ियों में पड़े एक युवती के शव पर पड़ी। शव मिलने की सूचना फैलते ही आसपास के लोगों की भीड़ घटनास्थल पर जुट गई।

ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना बाथ थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष मंटू कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए तथा शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू की।

थानाध्यक्ष ने बताया कि मृतका की उम्र लगभग 25 वर्ष प्रतीत हो रही है। प्रथम दृष्टया धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या किए जाने की आशंका है। युवती के शरीर पर कई स्थानों पर चोट और खरोंच के निशान भी पाए गए हैं।

शव को नदी किनारे झाड़ियों में फेंककर पहचान छिपाने का प्रयास किया गया है। मृतका की पहचान अब तक नहीं हो सकी है। पहचान सुनिश्चित करने के लिए आसपास के थाना क्षेत्रों से संपर्क किया जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Share this story