बेलवा में नदी में डूबी दो सगी बहनों में से एक का शव बरामद

WhatsApp Channel Join Now

किशनगंज, 25 अगस्त (हि.स.)। सदर प्रखंड अंतर्गत बेलवा पंचायत के बेलवा गांव वार्ड संख्या तीन में सोमवार की शाम डोक नदी में डूबी दो सगी बहनों में से एक का शव मंगलवार को एसडीआरएफ की टीम ने बरामद कर लिया।

बरामद शव की पहचान 18 वर्षीय फरहाना बेगम के रूप में हुई है। वहीं, दूसरी बहन 13 वर्षीय रुही नाज की तलाश अब भी जारी है।

जानकारी के अनुसार बेलवा गांव निवासी फतेबुल उर्फ फतिया की दोनों बेटियां सोमवार की शाम डोक नदी के किनारे गई थीं। इसी दौरान पैर फिसलने से दोनों गहरे पानी में जा गिरीं और देखते ही देखते लापता हो गईं।

घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर जुटे और दोनों की तलाश शुरू की गई। सूचना पर सदर अंचल के सीओ राहुल कुमार भी मौके पर पहुंचे। इसके बाद एसडीआरएफ की टीम ने नदी में सर्च ऑपरेशन चलाया।

मंगलवार को काफी मशक्कत के बाद फरहाना बेगम का शव नदी से बरामद किया गया। शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया है। दूसरी लापता बच्ची रुही नाज की तलाश एसडीआरएफ द्वारा लगातार की जा रही है।

सदर अंचल के सीओ राहुल कुमार ने बताया कि नदी से एक बच्ची का शव बरामद किया गया है, जबकि दूसरी बच्ची की तलाश जारी है।

शव बरामद होने की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।बताया गया कि दोनों बच्चियों के पिता और भाई पंजाब के भटिंडा में रहते हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह

Share this story