किशनगंज में नर्सिंग छात्रा का शव छात्रावास में फंदे से लटका मिला

WhatsApp Channel Join Now
किशनगंज में नर्सिंग छात्रा का शव छात्रावास में फंदे से लटका मिला


किशनगंज, 29 जुलाई (हि.स.)। शहर के वार्ड संख्या-1 स्थित एक निजी नर्सिंग संस्थान के छात्रावास में बुधवार को 23 वर्षीय नर्सिंग छात्रा का शव फंदे से लटका मिलने से सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया तथा मामले की जांच शुरू कर दी है।

मृतका पश्चिम बंगाल के गुंजारिया निवासी तंजलि है। वह रेडिएंट ग्रुप के नर्सिंग संस्थान की छात्रा थी और छात्रावास में रहकर नर्सिंग की पढ़ाई कर रही थी।

घटना की जानकारी मिलते ही परिजन छात्रावास पहुंचे और मामले को संदिग्ध बताते हुए आत्महत्या की आशंका से इनकार किया। उन्होंने रेडिएंट ग्रुप के कर्मचारी राहुल कुमार दास (निवासी पटकोई कलां) पर गंभीर आरोप लगाते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष एवं गहन जांच की मांग की।

मृतका के मंगेतर रजाबुल ने बताया कि मंगलवार रात करीब 10:30 बजे उनकी तंजलि से फोन पर बातचीत हुई थी। उनके अनुसार तंजलि काफी खुश थी, क्योंकि बुधवार को उसे नर्सिंग का प्रमाणपत्र मिलना था और दोनों साथ में रायगंज जाकर सर्टिफिकेट लेने की योजना बना रहे थे। उन्होंने दावा किया कि रात करीब 1:30 बजे तंजलि ने व्हाट्सएप पर भी सकारात्मक स्टेटस लगाया था। ऐसे में उसके आत्महत्या करने की बात पर विश्वास नहीं किया जा सकता।

मृतका के दादा ने भी घटना को संदिग्ध बताते हुए कहा कि सूचना मिलने के कई घंटे बाद तक संस्थान का कोई जिम्मेदार अधिकारी छात्रावास नहीं पहुंचा। उन्होंने छात्रावास की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि वहां न तो सीसीटीवी कैमरे लगे हैं और न ही सुरक्षा गार्ड की व्यवस्था है।

पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फॉरेंसिक जांच और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। परिजनों ने दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी और निष्पक्ष जांच के माध्यम से न्याय दिलाने की मांग की है।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह

Share this story