लापता दो नाबालिग बच्चियों के शव जलस्रोत से बरामद, इलाके में सनसनी

WhatsApp Channel Join Now
लापता दो नाबालिग बच्चियों के शव जलस्रोत से बरामद, इलाके में सनसनी


भागलपुर, 21 सितंबर (हि.स.)। जिले के कजरैली थाना क्षेत्र से सोमवार को एक बेहद हृदयविदारक घटना सामने आई है, जहां केलापुर बहियार स्थित डाड़ (जलस्रोत) के पानी में तैरते हुए दो नाबालिग बच्चियों के शव मिले। इस दुखद घटना के बाद से पूरे इलाके में कोहराम मच गया है और परिजन का रो-रोकर बुरा हाल है।

मृत बच्चियां गौराचौकी हरिजन टोला की रहने वाली थीं। वे रविवार की सुबह करीब 8 बजे लोक आस्था के कर्मा-धर्मा पर्व की तैयारी के लिए अपने घर से निकली थीं। जब देर शाम तक बच्चियां वापस घर नहीं लौटीं, तो परिजन ने काफी खोजबीन की। कोई सुराग नहीं मिलने पर रविवार देर शाम को कजरैली थाने में बच्चियों की गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई गई थी।

सोमवार की सुबह केलापुर बहियार स्थित जलस्रोत में स्थानीय लोगों ने दोनों बच्चियों के शवों को उतराते देखा, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। घटनास्थल से कुछ दूरी पर एक बच्ची की चप्पल भी बरामद हुई है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए कजरैली और बायपास थानाध्यक्ष के साथ विधि-विज्ञान प्रयोगशाला की टीम भी मौके पर पहुंची और साक्ष्य एकत्र किए। परिजन ने आशंका जताई है कि बच्चियों के मुंह से खून आ रहा था और शरीर पर हल्के जख्म के निशान थे, हालांकि पुलिस ने अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

कजरैली थानाध्यक्ष गौतम कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया बच्चियों की मौत पानी में डूबने से होने की आशंका लग रही है। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों और पूरी स्थिति का स्पष्ट रूप से पता चल सकेगा। पुलिस मामले के हर पहलू पर गहराई से छानबीन कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Share this story