महानंदा नदी में डूबे किसान का शव बरामद, एसडीआरएफ के सर्च अभियान में मिली सफलता

WhatsApp Channel Join Now

किशनगंज, 20 जुलाई (हि.स.)। सदर थाना क्षेत्र के दौला पंचायत अंतर्गत पोरलाबाड़ी गांव में महानंदा नदी में डूबकर लापता हुए 65 वर्षीय किसान मोहम्मद ईशा का शव सोमवार को बरामद कर लिया गया। एसडीआरएफ और स्थानीय प्रशासन द्वारा लगातार चलाए गए सर्च अभियान के दौरान नदी से शव निकाला गया। घटना के बाद परिजनों में मातम पसरा है।

मोहम्मद ईशा शनिवार को महानंदा नदी के उस पार से अपने मवेशी लाने गए थे। वापस लौटते समय नदी पार करने के दौरान वे तेज बहाव की चपेट में आ गए और लापता हो गए। घटना की सूचना मिलते ही अंचल प्रशासन और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और खोज अभियान शुरू किया। लगातार चलाए गए सर्च ऑपरेशन के बाद सोमवार को नदी से उनका शव बरामद कर लिया गया। शव पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है।

ग्रामीणों ने प्रशासन से महानंदा नदी के किनारे सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने, चेतावनी बोर्ड लगाने तथा बरसात के मौसम में संवेदनशील घाटों पर निगरानी बढ़ाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके। पुलिस मामले में आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह

Share this story