महानंदा नदी में डूबे छात्र का 24 घंटे बाद मिला शव
किशनगंज, 12 अगस्त (हि.स.)। सदर थाना क्षेत्र के चकला पंचायत के पास महानंदा नदी में मंगलवार को नहाने के दौरान डूबे 14 वर्षीय छात्र अब्दुल हादिर का शव बुधवार को करीब 24 घंटे बाद बरामद कर लिया गया। घटना के बाद से पुलिस और स्थानीय गोताखोरों की मदद से नदी में लगातार खोज अभियान चलाया जा रहा था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।
खगड़ा निवासी अब्दुल हादिर मंगलवार दोपहर अपने तीन दोस्तों के साथ घर से निकला था। चारों छात्र सदर थाना क्षेत्र स्थित बेथल मिशन स्कूल में पढ़ते हैं। परिजनों को स्कूल जाने की बात कहकर निकले चारों दोस्त चकला पंचायत के समीप महानंदा नदी में नहाने चले गए। इसी दौरान अब्दुल हादिर नदी के गहरे पानी में चला गया और तेज धार में बहकर लापता हो गया। घटना के बाद उसके साथ मौजूद विश्वजीत कुमार, अनुपम कुमार और जीके पासवान ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद दोस्तों ने स्थानीय लोगों, पुलिस और गोताखोरों को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय गोताखोरों की सहायता से नदी में छात्र की तलाश शुरू की गई। मंगलवार को कई घंटों तक खोजबीन के बावजूद उसका कोई सुराग नहीं मिला। बुधवार को दोबारा सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया। इसी दौरान घटनास्थल से करीब दो किलोमीटर दूर नदी से अब्दुल हादिर का शव बरामद हुआ। मृतक कक्षा आठ का छात्र था। अंचलाधिकारी राहुल कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह

